Punjab

पंजाब पुलिस का गैंगस्टरों पर बड़ा प्रहार, 557 ठिकानों पर छापेमारी, 251 आरोपी गिरफ्तार

पंजाब में गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज है. ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 261वें दिन 557 ठिकानों पर छापेमारी कर 251 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि सात भगोड़े अपराधी भी पकड़े गए. वहीं, ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के तहत 107 नशा तस्कर गिरफ्तार हुए और हेरोइन समेत अन्य मादक पदार्थ बरामद किए गए.

Punjab News : पंजाब में गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 261वें दिन पंजाब पुलिस ने राज्यभर में 557 ठिकानों पर छापेमारी कर 251 लोगों को गिरफ्तार किया. इस दौरान एक हथियार भी बरामद किया गया. पुलिस ने 187 लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की, जबकि सात भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया. वहीं, नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के तहत 107 तस्करों को पकड़कर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए.

पंजाब पुलिस के अनुसार, ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान की शुरुआत 20 जनवरी 2026 को पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने की थी. इसका उद्देश्य राज्य को गैंगस्टर-मुक्त बनाना है. अभियान के 261वें दिन की कार्रवाई के बाद अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या 77,071 हो गई है. इस अभियान को एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों में चलाया जा रहा है.

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों से जुड़ी जानकारी एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गोपनीय तरीके से साझा कर सकते हैं.

नशा तस्करों पर भी कार्रवाई, हेरोइन बरामद

‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के 586वें दिन पुलिस ने 107 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया. उनके कब्जे से 5.6 किलोग्राम हेरोइन, 5 किलोग्राम अफीम, 4.2 किलोग्राम गांजा, 648 नशीली गोलियां और 500 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई. इसके साथ ही अभियान के तहत अब तक गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की संख्या 83,457 तक पहुंच गई है.

पंजाब पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के साथ नशा मुक्ति पर भी ध्यान दिया जा रहा है. इसी क्रम में 31 लोगों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार के लिए राजी किया गया. पुलिस का कहना है कि गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.

ये भी पढ़ें- भाजपा चाहे जितनी भी रेड कर ले, हमारे पास भ्रष्टाचार का एक भी रुपया नहीं मिलेगा- सीएम मान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button