Uttar Pradesh

आजम खान को चंद्रशेखर आजाद का जवाब, बोले- मेरे हाथ में कलम है, खंजर में भरोसा नहीं

Political News : आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के बयान पर प्रतिक्रिया दी है, उन्होंने कहा कि आजम खान से उनकी कोई व्यक्तिगत नाराजगी नहीं है और उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति या नेता से नहीं, बल्कि सत्ता के खिलाफ है. चंद्रशेखर ने यह भी कहा कि आजम खान लंबे समय बाद जेल से बाहर आए हैं और अपनी पार्टी को संभालने के लिए उन्हें इस तरह के बयान देने पड़ रहे होंगे.

दरअसल, सपा नेता आजम खान ने चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी को अक्ल से काम लेने की नसीहत दी थी. इसके साथ ही उन्होंने नगीना के लोगों को लेकर भी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि उन्होंने उनके दिल में खंजर उतार दिया. इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि उनके और आजम खान के रिश्ते इतने खराब नहीं हैं कि ऐसी बातें कही जाएं.

मेरे हाथ में कलम है, खंजर में भरोसा नहीं

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनकी लड़ाई एनडीए और भारतीय जनता पार्टी की सत्ता के खिलाफ है, उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले नौ वर्षों से अधिक समय में अन्याय और अत्याचार हुए हैं, उन्होंने खुद के जेल जाने और गोली मारे जाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भी अन्याय का सामना किया है.

आजम खान को लेकर उन्होंने कहा, “मेरे हाथ में तो कलम है, मैं खंजर में भरोसा नहीं रखता हूं,” उन्होंने आगे कहा कि आजम खान वरिष्ठ नेता हैं और पार्टी के निर्देशों के तहत उन्हें कई बार कुछ बातें कहनी पड़ती होंगी. हालांकि, उन्हें आजम खान से कोई शिकायत नहीं है.

गठबंधन को मिलेगा जनता का समर्थन

सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को लेकर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सबसे बड़ी ताकत है. जनता जिसे चाहे आगे बढ़ा सकती है और जिसे चाहे पीछे कर सकती है, उन्होंने दावा किया कि 26 तारीख को होने वाला कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा और गठबंधन को जनता का समर्थन मिलेगा.

चंद्रशेखर ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा नई ऊर्जा पैदा करेगा और 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता को चुनौती देगा, उन्होंने गठबंधन की रैली को आने वाले राजनीतिक बदलाव का संकेत बताया.

ये भी पढ़ें – पार्टी स्थापना दिवस पर मोगा से AAP का चुनावी आगाज, केजरीवाल-मान के साथ मंच पर दिखेंगे 71 उम्मीदवार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button