मौसम

चक्रवात अर्नब का असर शुरू, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, राजस्थान में बढ़ी गर्मी

Weather Update : बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात अर्नब के चलते कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना है। दिल्ली से मानसून की वापसी समय से पहले हो गई है। वहीं राजस्थान में बारिश थमने के बाद तापमान बढ़ने से गर्मी का असर बढ़ गया है।

Weather Update : बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात अर्नब लगातार पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह यह आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम तट से करीब 70 किलोमीटर दूर समुद्र में मौजूद था। इसके रात तक तट से टकराने की संभावना जताई गई है। इसके प्रभाव से ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश और बिहार में बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं बिहार के सभी 38 जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

उत्तर प्रदेश में 41 जिलों में बारिश की संभावना

उत्तर प्रदेश के 41 जिलों में बुधवार को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी लखनऊ समेत कई इलाकों में सुबह तेज बारिश दर्ज की गई। उन्नाव और शुक्लागंज में भी बारिश के कारण कई जगह जलभराव की स्थिति बनी। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में पश्चिमी यूपी से मानसून की वापसी शुरू हो सकती है। इस मानसून सीजन में राज्य में अब तक सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है।

दिल्ली से समय से पहले लौटा मानसून

मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली से मानसून इस बार सामान्य समय से दो दिन पहले वापस लौट गया। आमतौर पर इसकी विदाई 25 सितंबर के आसपास होती है। इस सीजन में दिल्ली में सामान्य 629.7 मिमी के मुकाबले 728.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से करीब 16 प्रतिशत अधिक है।

राजस्थान में बारिश थमी, बढ़ी गर्मी

राजस्थान में बारिश का दौर खत्म होने के बाद तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जैसलमेर में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि बीकानेर और बाड़मेर में पारा 40 डिग्री से ऊपर दर्ज हुआ। जोधपुर, जयपुर, अजमेर और पिलानी समेत कई शहरों में भी गर्मी का असर बढ़ा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।

मध्य प्रदेश में सामान्य से कम बारिश

मध्य प्रदेश में अब तक औसतन 34.2 इंच बारिश हुई है, जो सामान्य बारिश का करीब 91.5 प्रतिशत है। इसे सामान्य से कम बारिश की श्रेणी में रखा गया है। हालांकि अगले चार दिनों में कई जिलों में बारिश की संभावना से आंकड़ों में सुधार की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी और अमित शाह वोटों की चोरी कर जीत रहे चुनाव, ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार कर चलाया जाए देशद्रोह का मुकदमा- केजरीवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button