Uttarakhand

उत्तराखंड में बारिश का कहर, नदियां उफान पर, 5 लोगों की मौतें, कई राज्यों में अलर्ट, 80 से ज्यादा कच्चे मकान गिरे

Uttarakhand Rain : उत्तर भारत में लगातार बारिश से कई राज्यों में हालात खराब हो गए हैं। उत्तराखंड में कार नदी में बहने और मलबा गिरने से लोगों की मौत हुई है। केदारनाथ यात्रा दोबारा शुरू कर दी गई है। यूपी और बिहार में बाढ़ का असर दिख रहा है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।

Uttarakhand Rain : उत्तर भारत के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण कई जगहों पर नुकसान की खबर सामने आई है। देहरादून में बरसाती नदी के तेज बहाव में एक कार बह गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक लड़की को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।

अल्मोड़ा में मलबे की चपेट में आया घर

अल्मोड़ा के उड़यूड़ा गांव में पहाड़ी से अचानक आया मलबा एक घर में घुस गया। हादसे के समय घर में सो रहे तीन लोग मलबे में दब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। लगातार बारिश के चलते पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।

केदारनाथ यात्रा फिर शुरू

बारिश के कारण कुछ समय के लिए रोकी गई केदारनाथ यात्रा अब दोबारा शुरू कर दी गई है। सोनप्रयाग से यात्रियों को धाम के लिए रवाना नहीं किया जा रहा था, लेकिन हालात में सुधार के बाद श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति दे दी गई है।

उत्तर प्रदेश और बिहार में भी बाढ़ का असर

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बन गई। यहां 80 से ज्यादा कच्चे मकान गिरने की जानकारी सामने आई है। बिहार के जहानाबाद में दरधा नदी में अचानक पानी बढ़ने से जाफरगंज पुल पर दो फीट से ज्यादा पानी बहने लगा। प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कई राज्यों में मौसम विभाग का अलर्ट

उत्तराखंड में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर बारिश जारी है। मौसम विभाग ने देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारों की संभावना जताई गई है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण झारखंड में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा। रांची समेत कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है।

बिहार और मध्य प्रदेश में भी बारिश का प्रभाव

बिहार में मौसम विभाग ने पटना समेत 14 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के कई हिस्सों में 4 सितंबर तक बारिश की संभावना बनी हुई है।

वहीं, मध्य प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य बारिश का 74 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका है। प्रदेश में करीब 27.7 इंच बारिश दर्ज की गई है। अगस्त महीने में ही लगभग 12 इंच पानी गिरा, जबकि सितंबर में सामान्य बारिश का आंकड़ा पूरा करने के लिए करीब 9.6 इंच बारिश की जरूरत है।

ये भी पढ़ें- 1 सितंबर से मंदिरों में बदला नियम, मोबाइल ले गए तो करना होगा ये काम, जमा करने के लगेंगे इतने रूपए

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button