IAS Divya Mittal : 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने फैसले की जानकारी साझा की. अपने संदेश में उन्होंने इन 13 वर्षों के सफर को अविस्मरणीय बताया और अपने जीवन के उस दौर को भी याद किया, जब उन्होंने साधारण परिवेश से निकलकर बड़े सपने देखे थे.
दिव्या मित्तल ने बताया कि उन्होंने दिन-रात मेहनत करके IIT दिल्ली और IIM बैंगलोर से पढ़ाई की. पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें लंदन में नौकरी मिली. करियर के लिहाज से यह एक बड़ी उपलब्धि थी, लेकिन विदेश में रहना उन्हें लंबे समय तक अच्छा नहीं लगा.
उनका कहना है कि जिंदगी में ‘सब कुछ’ हासिल कर लेने के बावजूद भीतर कहीं कुछ अधूरा महसूस होता था. सबसे ज्यादा यह बात उन्हें परेशान करती थी कि वे अपने देश से दूर थीं.
मेरे भी हाथों के निशान हों
दिव्या मित्तल ने अपने पत्र में लिखा कि वह जिस भारत का सपना देखती थीं, उसे बनाने में उनकी भी भूमिका होनी चाहिए. इसी सोच के साथ उन्होंने लंदन छोड़कर भारत लौटने का फैसला किया. इसके बाद उन्हें IAS बनने का अवसर मिला.
सेवा के दौरान देवरिया और मिर्जापुर में काम करने का अनुभव उनके लिए खास रहा, उन्होंने बताया कि जरूरतमंद परिवारों, दिव्यांगों और किसानों के लिए काम करते हुए उन्हें प्रशासन की एक अहम सच्चाई समझ आई.
उनके मुताबिक, सरकारी दफ्तर में आने वाली हर फाइल के पीछे कोई न कोई इंसान, उसका परिवार और उसकी उम्मीद जुड़ी होती है. 13 साल की सेवा के बाद लिया गया उनका इस्तीफा अब चर्चा में है, लेकिन उनके शब्दों में इस सफर की यादें और देश के लिए कुछ करने की इच्छा साफ दिखाई देती है.
ये भी पढ़ें- ‘Awarapan 2’ की सफलता के बीच इमरान हाशमी को स्वाइन फ्लू, आइसोलेशन की सलाह, बेंगलुरु शो कैंसिल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








