राष्ट्रीयविदेश

नेपाल-तिब्बत में फिर बढ़ा बाढ़ का खतरा, 552 मौतें, 1000 से ज्यादा लोग अब भी लापता

नेपाल और तिब्बत में अचानक आई बाढ़ के बाद रोका गया राहत और बचाव अभियान दोबारा शुरू कर दिया गया है। झील में पानी बढ़ने से खतरा बढ़ गया था। आपदा में दोनों देशों में सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग लापता हैं। चीन में फंसे करीब 400 भारतीयों से संपर्क कर सुरक्षित निकालने की तैयारी की जा रही है।

Nepal Floods : नेपाल और तिब्बत में आई भीषण बाढ़ के बाद करीब तीन घंटे तक रुका राहत और बचाव अभियान फिर से शुरू कर दिया गया है। भोटेकोशी नदी के ऊपरी हिस्से में बनी झील के अचानक बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा कारणों से रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया था।

शुक्रवार को झील में पानी का स्तर करीब 25 लाख क्यूबिक मीटर तक पहुंच गया था। पानी ओवरफ्लो होकर ल्हेंदे खोला और फिर त्रिशूली नदी तक पहुंचा, जिसके बाद नेपाल में बचाव दलों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए थे।

बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही

ग्लेशियर टूटने के बाद आई विनाशकारी बाढ़ ने नेपाल और तिब्बत में भारी नुकसान पहुंचाया है। हादसे में नेपाल में 547 और तिब्बत में 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं दोनों क्षेत्रों में 1000 से ज्यादा लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। नेपाल में बाढ़ से सड़क, पुल, मकान और हाइड्रोपावर परियोजनाओं को भारी नुकसान पहुंचा है। राहत टीमें प्रभावित इलाकों में पहुंचकर मलबे में फंसे लोगों और लापता नागरिकों की तलाश कर रही हैं।

नेपाल में सैकड़ों लोग अभी भी लापता

नेपाल प्रशासन के अनुसार, 977 लोग अब भी लापता हैं। इनमें विदेशी नागरिकों के अलावा नेपाली सेना और पुलिस के जवान भी शामिल हैं। तिब्बत में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। वहां 558 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनमें कई विदेशी नागरिक शामिल हैं। भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में चीनी रेस्क्यू टीमें मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रही हैं।

चीन ने बड़े स्तर पर शुरू किया बचाव अभियान

तिब्बत में राहत कार्य के लिए चीन ने बड़ी संख्या में बचावकर्मियों और वाहनों को तैनात किया है। चीनी फायर एंड रेस्क्यू फोर्स के 681 जवान और 113 वाहन अभियान में जुटे हुए हैं। टीमें मलबे वाले इलाकों में पहुंचकर जीवित बचे लोगों की तलाश कर रही हैं।

चीन में फंसे 400 भारतीय सुरक्षित

नेपाल में आई बाढ़ के बाद चीन की ओर करीब 400 भारतीय नागरिकों के फंसे होने की जानकारी सामने आई है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि सभी भारतीय नागरिकों से संपर्क हो चुका है और वे सुरक्षित हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के अनुसार, भारतीय दूतावास बीजिंग में फंसे नागरिकों, उनके ट्रैवल एजेंट और ग्रुप लीडर्स के संपर्क में है। रास्ते खुलने के बाद इन भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

ये भी पढ़ें- चीनी की कीमतों पर बड़ी राहत, 20% तक सस्ती हुई शुगर, सरकार ने लिया बड़ा फैसला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button