Punjab

पंजाब में धान खरीद की तैयारी तेज, सरकार ने चावल उद्योग को दिया बड़ा आश्वासन

पंजाब सरकार आगामी धान खरीद सीजन को लेकर तैयारियों में जुट गई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में मंत्रिमंडल समूह ने चावल मिलर्स के साथ बैठक कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। सरकार ने केंद्र से चावल उठान की गति बढ़ाने की अपील की, ताकि मंडियों में भंडारण के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सके और खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चले।

Punjab News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा आगामी धान खरीद सीजन के मद्देनजर राज्यभर की मंडियों में पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। मंत्रिमंडल समूह ने केंद्र सरकार से अपील की कि पंजाब से चावल की उठान की गति और तेज की जाए, ताकि आगामी धान सीजन को ध्यान में रखते हुए भंडारण के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सके।

सरकार की ओर से सहयोग का भरोसा

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक्क और जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल की भागीदारी वाले मंत्रिमंडल समूह ने आज राज्य के विभिन्न चावल मिलर्स के साथ बैठक की और खरीद सीजन को सफल बनाने के लिए उन्हें राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।

कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध

मंत्रिमंडल समूह ने कहा कि चावल उद्योग के साथ-साथ किसान, आढ़ती और मजदूर राज्य की आर्थिक व्यवस्था की रीढ़ हैं और राज्य सरकार उनके कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इसके अलावा, कई जनकल्याण-केंद्रित पहल भी प्रगति पर हैं। इनमें यह प्रावधान शामिल है कि कोई भी जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डी एफ एस एफ ) मुख्यालय की अनुमति के बिना मिलर्स से किसी प्रकार की रिकवरी नहीं कर सकता। इसके अलावा, आगामी कस्टम मिलिंग नीति में शेलर मालिकों को ढुलाई का भुगतान सीधे करने संबंधी प्रावधान भी शामिल किया जाएगा।

मिलर्स के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध

अन्य मांगों, जिनमें प्रत्येक मिलर को अनलोडिंग और ग्रेडिंग का खर्च उपलब्ध करवाना, पोर्टल पर नए शेलरों के पंजीकरण की तिथि बढ़ाकर 30 सितंबर करना तथा मौजूदा सीजन में 85 प्रतिशत मिलिंग करने वाले शेलर मालिकों को अगले सीजन में कस्टम मिलिंग के लिए धान आवंटित करना शामिल है, के संबंध में मंत्रिमंडल समूह ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार चावल मिलर्स के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके अलावा, कस्टम मिलिंग के लिए धान आवंटित करने में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर अन्य लोगों के अलावा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के प्रमुख सचिव राहुल तिवारी, निदेशक वरिंदर कुमार शर्मा, एएमडी पनग्रेन कमल कुमार गर्ग, अतिरिक्त निदेशक डॉ. अंजुमन भास्कर और अजयवीर सिंह सराओ, फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया राइस मिलर एसोसिएशन के अध्यक्ष तरसेम सैनी, पंजाब राइस इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष भारत भूषण बिंटा, राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ज्ञान चंद भारद्वाज तथा न्यू पंजाब राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बलविंदर सिंह हरूवाल उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें- इस्लामाबाद में दर्दनाक हादसा, PIMS अस्पताल में लगी आग, 15 बच्चे जिंदा जले

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button