Punjabराज्य

अमृतसर में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क से जुड़े दो व्यक्ति 10 अत्याधुनिक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार

Punjab News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने दो व्यक्तियों को 10 अत्याधुनिक पिस्तौलों, मैगजीनों और 10 जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार कर अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. यह जानकारी यहां पंजाब के डायरैक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव ने दी.

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गुरप्रीत सिंह पुत्र इकबाल सिंह और गुरप्रीत सिंह पुत्र गुलजार सिंह, दोनों निवासी गांव हवेलियां, तरनतारन, के रूप में हुई है. बरामद किए गए हथियारों में नौ 9 एमएम पिस्तौल और एक .30 बोर पिस्तौल शामिल है. हथियार बरामद करने के अलावा, पुलिस टीमों ने उनकी ग्रे रंग की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (पीबी-38-सी-1658) भी बरामद की, जिसका उपयोग खेपों की ढुलाई के लिए किया जाता था.

विदेश स्थित हैंडलर के संपर्क में थे आरोपी

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश स्थित हैंडलर के संपर्क में थे और पंजाब में अन्य पक्षों को आगे आपूर्ति करने के लिए सीमा पार से अवैध हथियारों की खेप प्राप्त कर रहे थे.

कार्रवाई का विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सीआई अमृतसर की पुलिस टीमों को पुख्ता सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध, जिनकी पहचान गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, ने अपने विदेश स्थित हैंडलर के निर्देशों पर भारत-पाकिस्तान सीमा बाड़ के निकट गांव हवेलियां के क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से हथियारों की बड़ी खेप प्राप्त की है और वे इस खेप को आगे किसी अन्य पक्ष को आपूर्ति करने जा रहे थे.

जिंदा कारतूसों सहित आरोपी काबू

इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने अमृतसर-अटारी जीटी रोड पर गांव खासा के निकट क्षेत्र से 10 अत्याधुनिक पिस्तौलों, मैगजीनों और जिंदा कारतूसों सहित दोनों आरोपियों को काबू कर लिया.

डीजीपी ने बताया कि इस मामले में अन्य लोगों की पहचान करने और सीमा पार से तस्करी के व्यापक नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए पूरी तरह से आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने हेतु आगे की जांच जारी है. इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में शस्त्र अधिनियम की धाराएं 25, 25(1)(ए) और 25(8) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत एफआईआर संख्या 51, दिनांक 22-08-2026 दर्ज की गई है.

ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button