Uttar Pradesh

UP में एक्सप्रेसवे पर पुलिस वैन से टकराई कार, 15.39 करोड़ का 10 किलो सोना बरामद, तस्करी का खुलासा

Kannauj Gold Smuggling : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पुलिस की एक रूटीन चेकिंग अचानक बड़ी कार्रवाई में बदल गई. गश्त के दौरान पुलिस की गाड़ी से एक ब्रेजा कार की टक्कर हुई. हादसे के बाद कार सवार भागने की कोशिश करने लगे. पुलिस को शक हुआ तो पीछा कर कार को रोक लिया गया. तलाशी ली गई तो अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई. कार से करीब 10 किलो सोना बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 15 करोड़ 39 लाख रुपये बताई गई है.

मामला कन्नौज के तालग्राम थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक, शनिवार को टीम आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रूटीन गश्त कर रही थी. इसी दौरान दिल्ली जा रही ब्रेजा कार की पुलिस वाहन से टक्कर हो गई. हादसे के बाद कार चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे रोक लिया.

तलाशी के दौरान कार से 10 सोने के बड़े बिस्कुट बरामद हुए. पुलिस के अनुसार, सोना 24 कैरेट का है. मामले में नेपाल के पालपा जिले के सरोज पंत और महराजगंज के संदीप जायसवाल को गिरफ्तार किया गया है.

गोरखपुर के होटल से मिलती थी सोने की खेप

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें गोरखपुर के एक होटल में सोने की खेप दी जाती थी. इसके बाद उसे दिल्ली पहुंचाना होता था. दिल्ली में सोना किसे सौंपना है, इसकी जानकारी उन्हें पहले से नहीं होती थी. पुलिस का दावा है कि सोना नेपाल के रास्ते तस्करी कर दिल्ली ले जाया जा रहा था. मामले की जानकारी कस्टम और जीएसटी विभाग को भी दी गई है.

अखिलेश के आरोप, पुलिस ने बताया भ्रामक

सोने की बरामदगी को लेकर सियासी विवाद भी शुरू हो गया है. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया कि कार से 26 सोने के बिस्कुट मिले थे, लेकिन पुलिस ने केवल 10 दिखाए, उन्होंने पुलिस पर बरामदगी में हेराफेरी का आरोप लगाया.

कन्नौज पुलिस ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा और भ्रामक बताया है. पुलिस के मुताबिक, कुल 10 सोने के बिस्कुट ही बरामद हुए. कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई और मौके पर GST टीम भी मौजूद थी. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.

ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button