Delhi Swine Flub : दिल्ली में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है. राजधानी में इन्फ्लूएंजा-ए के अब तक 2,392 मामले सामने आए हैं, जिनमें 1,777 मामले स्वाइन फ्लू यानी H1N1 के हैं. बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं.
दिल्ली सरकार का कहना है कि अस्पतालों में डॉक्टर, बेड और दवाइयों की कोई कमी नहीं है. सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और मरीजों को इलाज देने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं.
स्वास्थ्य विभाग की निगरानी जारी
स्वास्थ्य विभाग और अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं, ताकि स्वाइन फ्लू को फैलने से रोका जा सके. स्वास्थ्य संबंधी परामर्श जारी कर लोगों से श्वसन संबंधी स्वच्छता का पालन करने और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है.
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, इस साल दिल्ली में इन्फ्लुएंजा-ए के 2,300 से अधिक मामले सामने आए हैं. इनमें शुक्रवार तक H1N1 के 1,777 से अधिक मामले शामिल हैं. अकेले गुरुवार को H1N1 के 114 मामले सामने आए.
मास्क पहनने की अपील
स्वास्थ्य परामर्श में लोगों से खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकने, साबुन और पानी से नियमित रूप से हाथ धोने और भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने की अपील की गई है. श्वसन संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों के नजदीकी संपर्क से बचने की भी सलाह दी गई है. लोगों से आंखों और नाक को छूने से बचने, सार्वजनिक स्थानों पर न थूकने और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेने को भी कहा गया है.
परामर्श के मुताबिक, बुखार, खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी, शरीर में दर्द या सिरदर्द जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए. लोगों को चिकित्सक की सलाह के बिना दवा लेने से बचने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









