Uttar Pradeshराज्य

‘पाकिस्तान’ बयान पर अखिलेश का पलटवार, BJP और जयंत चौधरी पर निशाना

Akhilesh Yadav : समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘पी’ से पाकिस्तान वाले बयान पर पलटवार किया है, उन्होंने कहा कि अगर इस तरह अर्थ निकाला जाए तो वह भी कह सकते हैं कि बीजेपी का मतलब ‘भाग जा पाकिस्तान’ या ‘भाग जाओ पाकिस्तान’ है. अखिलेश ने कहा कि बीजेपी और मुख्यमंत्री पीडीए से घबराए हुए हैं. अखिलेश यादव के मुताबिक पीडीए का मतलब प्रेम, दया और अपनापन है.

जयंत चौधरी को लेकर दिए गए ‘चवन्नी’ वाले बयान पर अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने कुछ गलत नहीं कहा, उन्होंने कहा कि भाजपा अपने सहयोगी दलों को सपा से चार गुना ज्यादा सीटें दे. सपा ने 30 सीटें दी थीं. अखिलेश ने कहा कि अगर भाजपा उन्हें 120 सीटें नहीं देगी तो यह पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का अपमान होगा.

‘चवन्नी’ से जुड़ा जयंत का संदर्भ

‘चवन्नी’ शब्द का राजनीतिक संदर्भ जयंत चौधरी से जुड़ा है. जनवरी 2022 में सपा-रालोद गठबंधन के दौरान उन्होंने बीजेपी की ओर से पाला बदलने की अटकलों पर कहा था कि वह कोई चवन्नी नहीं हैं जो पलट जाएंगे. 2024 में रालोद ने सपा का साथ छोड़कर एनडीए का दामन थाम लिया.

मायावती ने भी मांगी माफी

यह विवाद अब पश्चिमी यूपी में जाट राजनीति, चौधरी चरण सिंह की विरासत और सपा-रालोद के पुराने रिश्तों तक पहुंच गया है. मायावती ने भी अखिलेश यादव से जाट समाज से माफी मांगने की बात कही है.

सोशल मीडिया पर मायावती ने दो जून 1995 की स्टेट गेस्ट हाउस घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सपा का चाल-चरित्र-चेहरा हमेशा राजनीतिक संकीर्णता और जातिवादी द्वेष से ग्रस्त रहा है, उन्होंने सपा सरकार के दौरान गुंडों और माफिया के भले का आरोप भी लगाया.

योगी सरकार और भाजपा पर भी निशाना

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी तंज कसा, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आजकल बच्चों के साथ ज्यादा दिखाई दे रहे हैं और सरकार जाने के बाद यही काम रहेगा.

चीनी के दाम बढ़ने को लेकर अखिलेश ने कहा कि मुनाफे के लिए पेट्रोल में एथनाल मिलाकर चीनी महंगी की जा रही है, उन्होंने प्रति व्यक्ति आय बढ़ने के दावे और 15 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन दिए जाने को लेकर भी सवाल उठाया.

बुलेटप्रूफ जैकेट पर बोले अखिलेश

अखिलेश ने कहा कि बीजेपी गोमूत्र खरीदने को लेकर झांसा दे रही है. बुलेटप्रूफ जैकेट मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक जैकेट नहीं मिली है.

अखिलेश यादव ने दिव्यांगों के लिए अलग से घोषणा पत्र लाने और सरकार बनने पर डेरी चलाने वालों के लिए कामधेनु योजना के तहत सुविधा देने की बात भी कही.

ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button