Delhi Alert : राजधानी दिल्ली में किसी बड़े आतंकी हमले जैसी स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए दिल्ली पुलिस और देश की प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ा काउंटर टेररिज्म अभ्यास किया। ‘सुदर्शन शक्ति-V’ नाम से आयोजित इस मॉक ड्रिल में कई सुरक्षा और आपातकालीन एजेंसियों ने हिस्सा लिया।
इस संयुक्त अभ्यास में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, SWAT टीम, जिला पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वॉड, ट्रैफिक पुलिस, क्राइम ब्रांच, IGI एयरपोर्ट यूनिट, मेट्रो और PCR समेत कई विभाग शामिल रहे।
इसके अलावा NSG, भारतीय सेना, NDRF, CISF, BCAS, AAI, DMRC, फायर सर्विस, FSL, CATS एंबुलेंस और स्वास्थ्य विभाग जैसी एजेंसियों ने भी अपनी भूमिका निभाई।
आपात स्थितियों का किया गया अभ्यास
अभ्यास के दौरान दिल्ली के कई संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर आतंकी हमले जैसी परिस्थितियां तैयार की गईं। इसमें एक साथ कई जगह विस्फोट, फायरिंग, बंधक बनाए जाने की स्थिति, विमान हाईजैक और CBRNE यानी केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर खतरे जैसी आपात स्थितियों का अभ्यास किया गया।
मॉक ड्रिल में यह देखा गया कि अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियां ऐसी परिस्थितियों में कितनी तेजी से कार्रवाई करती हैं और आपसी तालमेल के साथ स्थिति को नियंत्रित करने में कितनी सक्षम हैं।
प्रमुख स्थानों को शामिल किया गया
इस अभ्यास के लिए कश्मीरी गेट ISBT, कनॉट प्लेस, नेहरू प्लेस मार्केट, सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली सचिवालय, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, IGI एयरपोर्ट, V3S मॉल, लाल किला मेट्रो स्टेशन, संस्कृति स्कूल, ISKCON मंदिर और कालकाजी मंदिर जैसे प्रमुख स्थानों को शामिल किया गया।
काउंटर टेररिज्म एक्सरसाइज का पांचवां संस्करण
दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह अभ्यास 7 अगस्त सुबह 10 बजे शुरू हुआ और 8 अगस्त सुबह करीब 4 बजे तक चला। यह राजधानी में आयोजित होने वाली वार्षिक काउंटर टेररिज्म एक्सरसाइज का पांचवां संस्करण है। पहले इस अभ्यास को ‘ऑपरेशन ऑल आउट’ के नाम से आयोजित किया जाता था।
खतरे की स्थिति में सुरक्षा की तैयारियां
गृह मंत्रालय के निर्देश पर NSG और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने इस पूरे अभ्यास का समन्वय किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले आयोजित इस ड्रिल का उद्देश्य राजधानी में किसी भी आतंकी खतरे की स्थिति में सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों, प्रतिक्रिया समय और आपसी समन्वय को परखना था।
ये भी पढ़ें- दूध के दामों में 2 रुपए की बढ़ोतरी, 11 अगस्त से लागू होंगी नई कीमतें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









