Delhi Road Safety : दिल्ली की सड़कों पर सफर करने वाले लोगों के लिए ट्रैफिक पुलिस ने एक नई सुविधा शुरू की है। अब वाहन चालकों को गाड़ी चलाते समय Google Maps और MapMyIndia के जरिए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों यानी एक्सीडेंट जोन की जानकारी पहले से मिल सकेगी।
मैपिंग प्लेटफॉर्म के जरिए मिलेगा अलर्ट
इस पहल का उद्देश्य सड़क हादसों को कम करना और वाहन चालकों को ज्यादा सतर्क बनाना है। जब कोई चालक किसी दुर्घटना संभावित क्षेत्र के करीब पहुंचेगा, तो उसे डिजिटल मैपिंग प्लेटफॉर्म के जरिए अलर्ट मिलेगा। इससे चालक समय रहते अपनी रफ्तार कम कर सकेंगे और सुरक्षित तरीके से वाहन चला सकेंगे।
ड्राइविंग में कर पाएंगे जरूरी बदलाव
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इस सुविधा के तहत उन जगहों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, जहां सड़क दुर्घटनाओं का खतरा अधिक रहता है। पहले से जानकारी मिलने पर वाहन चालक अपनी ड्राइविंग में जरूरी बदलाव कर पाएंगे और हादसों की संभावना को कम किया जा सकेगा।
अधिकतम स्पीड लिमिट की भी जानकारी
इसके अलावा डिजिटल मैप प्लेटफॉर्म पर संबंधित सड़कों की निर्धारित अधिकतम स्पीड लिमिट की जानकारी भी दिखाई जाएगी। इससे वाहन चालकों को पता चल सकेगा कि जिस सड़क पर वे सफर कर रहे हैं, वहां कितनी गति से वाहन चलाने की अनुमति है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म तक जानकारी की पहुंच
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यह सुविधा Google India और MapMyIndia के साथ साझेदारी में शुरू की है। इसके तहत सड़क सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारियां डिजिटल प्लेटफॉर्म तक पहुंचाई जाएंगी, ताकि वाहन चालकों को यात्रा के दौरान सही समय पर अलर्ट मिल सके।
जिम्मेदार और स्मार्ट ड्राइविंग को बढ़ावा
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक मुख्यालय) विजयंत गोयल आर्य ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को समय पर सड़क सुरक्षा से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इससे सुरक्षित, जिम्मेदार और स्मार्ट ड्राइविंग को बढ़ावा मिलेगा।
ये भी पढ़ें- कंगना रनौत का Gen Z पर बयान को लेकर यू-टर्न, बोलीं- पूरी पीढ़ी को कुछ लोगों की वजह से नहीं आंकना चाहिए
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









