Delhi NCRमौसम

दिल्ली में आज भी सताएगी उमस भरी गर्मी, जानें कब मिलेगी राहत

Delhi Weather Update : दिल्ली-NCR के लोगों को फिलहाल उमस और गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. मानसून का मौसम होने के बावजूद राजधानी में चिपचिपी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री ज्यादा है. हवा में नमी भी बनी हुई है. अधिकतम आर्द्रता 71 प्रतिशत और न्यूनतम 48 प्रतिशत दर्ज की गई, जिसके चलते लोगों को दिनभर उमस का सामना करना पड़ा.

कुछ इलाकों में बहुत हल्की बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के कुछ इलाकों में बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई. हालांकि, इससे मौसम में कोई खास राहत नहीं मिली. इस दौरान अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. दक्षिण-पश्चिम दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि पालम में सुबह हवा की गति 33 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंची.

आज कैसा रहेगा मौसम?

IMD के अनुसार, गुरुवार (16 जुलाई) को दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा. अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. दिनभर गर्मी और उमस बनी रह सकती है. पश्चिमी हवाएं 10 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं.

मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 19 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसके असर से दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव आने और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है. इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.

ये भी पढ़ें- अमृतसर में हैंड ग्रेनेड और तीन आधुनिक राइफलें बरामद, नाबालिग सहित तीन व्यक्ति काबू

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button