राष्ट्रीय

मुंबई के ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी, कॉल करने वाले ने लिया दाऊद इब्राहिम का नाम

Taj Hotel Bomb Threat : मुंबई के प्रतिष्ठित ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शनिवार देर रात पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं. सूचना मिलते ही होटल की सुरक्षा बढ़ा दी गई और पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया. हालांकि, कई घंटे तक चली जांच के बाद होटल से कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ. शुरुआती जांच में यह धमकी फर्जी पाई गई है.

जानकारी के मुताबिक, शनिवार-रविवार की रात करीब 12:13 बजे नवी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में एक व्यक्ति ने फोन कर दावा किया कि दाऊद ने ताज होटल में बम रखा है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए नवी मुंबई पुलिस ने तत्काल इसकी जानकारी मुंबई पुलिस के मुख्य कंट्रोल रूम को दी.

होटल के चप्पे-चप्पे की ली गई तलाशी

अलर्ट मिलते ही कोलाबा पुलिस, क्राइम ब्रांच और बम खोजी एवं निष्क्रियकरण दस्ता (BDDS) की टीमें तुरंत ताज होटल पहुंच गईं. इसके बाद होटल की मुख्य लॉबी, स्विमिंग पूल, विभिन्न हॉल, रेस्तरां, पार्किंग, बाहरी परिसर और अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन तलाशी ली गई.

कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को होटल परिसर में कोई भी संदिग्ध सामान या विस्फोटक नहीं मिला. इसके बाद शुरुआती जांच में धमकी को फर्जी घोषित कर दिया गया.

तुर्भे से किया गया था धमकी भरा कॉल

मुंबई पुलिस के अनुसार, तकनीकी जांच में सामने आया है कि धमकी भरा कॉल नवी मुंबई के तुर्भे इलाके से किया गया था. पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर कॉल करने वाले की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी गई है.

आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि आरोपी तक पहुंचने के लिए तुर्भे पुलिस की भी मदद ली जा रही है. मामले की जांच जारी है और कॉल करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

मुंबई पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की धमकी को गंभीरता से लिया जाता है. ऐसे मामलों में तुरंत सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाती है ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके.

ये भी पढ़ें- राम मंदिर के डकैतों को सजा दिलाने के लिए रविवार को सुंदरकांड पाठ कर सिग्नेचर कैंपेन की शुरूआत करेगी ‘‘आप’’- केजरीवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button