Maharashtra Earthquake : महाराष्ट्र के परभणी, नांदेड और हिंगोली जिलों में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए. खास बात यह रही कि एक ही रात में चार बार धरती कांपी, जिससे इलाके के लोगों में दहशत फैल गई. कई वर्षों में यह पहली बार है, जब इतनी कम अवधि में लगातार चार भूकंप दर्ज किए गए. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली.
जानकारी के मुताबिक, पहला भूकंप रात 1:37 बजे आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.6 दर्ज की गई. इसके बाद रात 2:15 बजे 3.6, 2:17 बजे 3.9 और 3:23 बजे 4.01 तीव्रता के झटके महसूस किए गए. इन भूकंपों का असर हिंगोली, नांदेड और परभणी के कई इलाकों में देखा गया.
कई मकानों में दरारें आने की घटनाएं
पहले भूकंप का केंद्र हिंगोली जिले की वसमत तहसील के पांगरा शिंदे गांव के दक्षिण में स्थित था. इसकी गहराई 10 किलोमीटर दर्ज की गई. वहीं, दूसरे और तीसरे झटकों का केंद्र पांगरा शिंदे गांव के पश्चिम-उत्तर दिशा में स्थित काकड़धाबा गांव के पास रहा. इन दोनों भूकंपों की गहराई भी 10 किलोमीटर मापी गई.
प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील की
इससे पहले 11 अप्रैल 2026 को भी इसी क्षेत्र में 4.7 तीव्रता का भूकंप आया था. इसके बाद जुलाई में एक बार फिर लगातार झटके महसूस किए गए हैं. इस बार किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कई जगहों पर मकानों की दीवारों में दरारें पड़ने और प्लास्टर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं.
घटना के बाद जिला प्रशासन और छत्रपति संभाजीनगर स्थित एमजीएम विज्ञान केंद्र के निदेशक श्रीनिवास एस. औंधकर ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए.
ये भी पढ़ें– न छाता, न रेनकोट… मां ने लगाया ऐसा दिमाग कि वीडियो देखकर लोग रह गए हैरान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









