Delhi NCRमौसम

दिल्ली-NCR में रातभर झमाझम बारिश, कई इलाकों में जलभराव, IMD का येलो अलर्ट

Delhi-NCR Weather Today : दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है. रातभर हुई बारिश के बाद कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है. नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग (IMD) ने आज भी बारिश जारी रहने की संभावना जताते हुए दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.

लगातार हो रही बारिश से दिल्ली-एनसीआर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है. हालांकि, जलभराव और धीमी रफ्तार से चल रहे ट्रैफिक के कारण रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो गई है.

कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव

नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है. इसके चलते वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है और लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

गुरुग्राम में पिछले दो दिनों से भारी बारिश हो रही है. 33 घंटों में 115 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. इनमें मंगलवार को 83 मिलीमीटर और बुधवार को 32 मिलीमीटर बारिश हुई. दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन, नरसिंहपुर, बसई, कादीपुर, सोहना रोड समेत कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव हो गया. कई जगहों पर वाहन पानी में फंसकर खराब हो गए.

भारी जलभराव से ट्रैफिक जाम

बीती रात दफ्तर से घर लौट रहे लोगों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ी. कई लोग आधी रात तक ट्रैफिक जाम में फंसे रहे और घर पहुंचने में 5 से 6 घंटे तक की देरी हुई. सेक्टर-31, सेक्टर-39, शीतला माता मंदिर रोड, सेक्टर-10A, पटौदी रोड, बसई रोड, कादीपुर और उमंग भारद्वाज चौक समेत कई इलाकों में भारी जलभराव देखा गया.

कई इलाकों में सबसे ज्यादा बारिश

दिल्ली में आईटीओ, रिंग रोड, नजफगढ़ और कई निचले इलाकों में पानी भर गया है. सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों को जलभराव और ट्रैफिक की समस्या का सामना करना पड़ा. वहीं, नोएडा की फिल्म सिटी की सड़कों पर भी जगह-जगह पानी जमा हो गया.

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 9 जुलाई को सुबह 4:15 बजे तक लोधी रोड, पूसा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा (जीबी नगर) में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई.

IMD के मुताबिक, 9 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि कुछ इलाकों के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया गया है.

ये भी पढ़ें– न छाता, न रेनकोट… मां ने लगाया ऐसा दिमाग कि वीडियो देखकर लोग रह गए हैरान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button