विदेश

अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में 14 महीने की पोती का भी रखा गया ताबूत, सामने आया भावुक कर देने वाला दृश्य

Ali Khamenei : ईरान की राजधानी तेहरान में शुक्रवार को पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए हजारों लोग पहुंचे. खामेनेई के ताबूत को इस्लामिक रिपब्लिक के राष्ट्रीय ध्वज में लपेटकर परिसर में लाया गया, जबकि उस पर उनकी काली पगड़ी भी रखी गई थी. उनके साथ परिवार के अन्य दिवंगत सदस्यों के ताबूत भी मौजूद थे, जिनमें उनकी 14 महीने की पोती जहरा मोहम्मदी गोलपायेगानी का छोटा ताबूत भी शामिल था.

बताया गया कि जहरा मोहम्मदी गोलपायेगानी की 28 फरवरी को परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उस दौरान मौत हो गई थी, जब अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू हुई थी. बच्ची के ताबूत को भी राष्ट्रीय ध्वज में लपेटा गया था और उसके साथ उसकी तस्वीर रखी गई थी.

परिसर खुलते ही मुख्य प्रांगण भर गया

आपको बता दें कि खामेनेई का पार्थिव शरीर शुक्रवार को तेहरान पहुंचा. अंतिम संस्कार से जुड़े सार्वजनिक कार्यक्रम छह दिनों तक ईरान और इराक के कई शहरों में आयोजित किए जाएंगे. इस दौरान उनके पार्थिव शरीर को दोनों देशों के विभिन्न शहरों में ले जाया जाएगा.

अंतिम दर्शन के लिए तेहरान स्थित ग्रैंड मोसाल्ला में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग जुटने लगे. परिसर आम लोगों के लिए खुलते ही हजारों शोकाकुल नागरिक अंदर पहुंचे और मुख्य प्रांगण पूरी तरह भर गया.

मोहम्मद बाघेरी गालिबाफ भावुक नजर आए

समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, श्रद्धांजलि देने पहुंचे कई लोग लाल बैनर लिए हुए थे, जिन्हें बदले का प्रतीक माना जाता है. इस दौरान भीड़ ने अमेरिका विरोधी और बदले की मांग वाले नारे भी लगाए.

शुक्रवार को ईरान के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की. संसद के स्पीकर और अमेरिका के साथ बातचीत में ईरान के मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बाघेरी गालिबाफ भावुक नजर आए. अहमद वाहिदी भी श्रद्धांजलि देने वालों में शामिल थे. उन्हें ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स का प्रमुख उस हमले के बाद बनाया गया था, जिसमें उनके पूर्ववर्ती अधिकारी और खामेनेई की मौत हुई थी.

कार्यक्रम के अनुसार, खामेनेई का पार्थिव शरीर सोमवार तक तेहरान में रखा जाएगा. इसके बाद शहर में जुलूस निकाला जाएगा. मंगलवार को पार्थिव शरीर को कोम, बुधवार को इराक के पवित्र शहरों और गुरुवार को उत्तर-पूर्वी ईरान स्थित उनके गृह नगर मशहद ले जाकर दफनाया जाएगा.

ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button