Uttar Pradeshराज्य

राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा एक्शन, आरोपियों के ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी

Ram Mandir Donation Theft Case : अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. रविवार को जांच टीमों ने अयोध्या में रहने वाले आरोपियों के घरों पर छापेमारी कर तलाशी अभियान चलाया. पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है, ताकि पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके.

जांच के लिए गठित टीमों ने अनुकल्प मिश्रा, लव कुश मिश्रा, मुख्य आरोपी रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, मनीष यादव, करुणेश पांडे और रमा शंकर मिश्रा के ठिकानों पर पहुंचकर जांच की. पुलिस ने घरों में बारीकी से तलाशी ली और केस से जुड़े जरूरी सबूत जुटाने की कोशिश की.

आरोपियों के परिजनों से पूछताछ

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के परिजनों से पूछताछ की. इसके साथ ही आसपास के लोगों से भी जानकारी ली गई, ताकि आरोपियों की गतिविधियों और मामले से जुड़े संभावित सुरागों का पता लगाया जा सके.

वहीं, जांच टीम अयोध्या में अविनाश शुक्ला के किराये के मकान पर भी पहुंची. बताया गया कि अविनाश शुक्ला प्रतापगढ़ का निवासी है और कुछ महीने पहले मकान खाली कर चुका था. पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों और नीचे दुकान चलाने वाले दुकानदार से भी पूछताछ की.

बैंक खातों और लेन-देन की जांच

इस मामले में पुलिस चोरी की घटना के साथ-साथ आरोपियों की आर्थिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है. टीम यह पता लगाने में जुटी है कि पैसों का इस्तेमाल कहां किया गया और आरोपियों के पास मौजूद संपत्तियों का स्रोत क्या है. इसके लिए बैंक खातों और लेन-देन की जानकारी भी जुटाई जा रही है.

जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी राम मंदिर में आने वाले चढ़ावे और कैश की गिनती के काम से जुड़े हुए थे. आरोप है कि इसी दौरान पैसों का हेरफेर किया गया. पुलिस अब तक इस मामले में करीब 79 लाख 85 हजार रुपये बरामद कर चुकी है. मामले में चोरी, आपराधिक साजिश और भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत केस दर्ज किया गया है.

SIT की रिपोर्ट के बाद कार्रवाई

उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से बनाई गई तीन सदस्यीय SIT की शुरुआती रिपोर्ट के बाद यह कार्रवाई शुरू हुई थी. कोर्ट ने सभी आठ आरोपियों को 29 जून तक जेल भेजा था. पुलिस आगे की पूछताछ के लिए अदालत से कस्टडी रिमांड की मांग करेगी, जिससे बाकी रकम और संपत्ति से जुड़ी जानकारी जुटाई जा सके.

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र TET पेपर लीक, रद्द हुई कल होने वाली परीक्षा, मामले की जांच में जुटी पुलिस

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button