
Britain Political Crisis : ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने लेबर पार्टी के भीतर बढ़ती नाराजगी और लगातार सामने आ रही राजनीतिक चुनौतियों के बीच सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के साथ ही डाउनिंग स्ट्रीट में एक और कम अवधि वाली सरकार का अध्याय समाप्त हो गया। ब्रिटेन की राजनीति में हाल के वर्षों में प्रधानमंत्री पद पर छोटे कार्यकाल का सिलसिला देखने को मिला है, जिसमें अब स्टारमर का नाम भी जुड़ गया है।
किंग को दी फैसले की जानकारी
डाउनिंग स्ट्रीट की ओर से जारी बयान में कीर स्टार्मर ने बताया कि उन्होंने अपने इस्तीफे के फैसले से किंग को अवगत करा दिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नए प्रधानमंत्री के चयन तक वह अपने पद की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे, ताकि सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।
पार्टी के अंदर बढ़ रहा था नेतृत्व परिवर्तन का दबाव
स्टार्मर के इस्तीफे की अटकलें पिछले कई हफ्तों से लगाई जा रही थीं। राजनीतिक झटकों, जनता के बीच घटती लोकप्रियता और लेबर पार्टी के भीतर नेतृत्व में बदलाव की मांग ने उनकी स्थिति को कमजोर किया।
2024 के आम चुनाव में स्टार्मर के नेतृत्व में लेबर पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की थी और कंजर्वेटिव पार्टी के 14 साल लंबे शासन का अंत किया था। शुरुआत में उनकी सरकार को व्यापक समर्थन मिला, लेकिन बाद में आर्थिक परेशानियों, सार्वजनिक सेवाओं की स्थिति और पार्टी के अंदर बढ़ते मतभेदों ने सरकार के सामने मुश्किलें खड़ी कर दीं।
जुलाई 2024 में संभाली थी प्रधानमंत्री की कुर्सी
61 वर्षीय कीर स्टार्मर जुलाई 2024 में ब्रिटेन के 58वें प्रधानमंत्री बने थे। चुनाव में जीत के बाद उन्होंने देश में बदलाव लाने और लोगों को बेहतर परिणाम देने का वादा किया था। उन्होंने अपने पूर्ववर्ती ऋषि सुनक के कार्यकाल की भी सराहना की थी और उनके नेतृत्व की तारीफ की थी।
हालांकि, सरकार के सामने लगातार आती चुनौतियों और पार्टी के भीतर बढ़ते असंतोष के कारण आखिरकार उन्हें पद छोड़ने का फैसला लेना पड़ा।
अब कौन संभालेगा ब्रिटेन की कमान?
स्टार्मर के इस्तीफे के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि ब्रिटेन का अगला प्रधानमंत्री कौन होगा। लेबर पार्टी में नए नेता के चयन की प्रक्रिया शुरू होने के बाद ही इस पर स्थिति साफ हो पाएगी। फिलहाल स्टारमर कार्यवाहक भूमिका में बने रहेंगे, जब तक पार्टी नया नेतृत्व तय नहीं कर लेती।
ये भी पढ़ें – पश्चिम बंगाल बजट 2026: युवाओं से महिलाओं तक बड़े ऐलान, 1 लाख सरकारी नौकरियों का वादा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









