Haryana Weather : हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। गुरुवार दोपहर कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली। हिसार में तेज हवा के कारण अर्बन एस्टेट मार्केट क्षेत्र में एक पेड़ वाहनों पर गिर गया, जबकि सिरसा में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।
कई जिलों में आंधी, बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और जींद सहित कई इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।
पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में बड़े बदलाव
विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और वायुमंडलीय बदलावों के कारण 23 जून तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। इस दौरान कई क्षेत्रों में तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
कुछ क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 18 से 20 जून के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसके बाद 22 और 23 जून को एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से भी कुछ क्षेत्रों में वर्षा होने की संभावना है।
लोगों को गर्मी से मिलेगी राहत
बारिश और बादलों की गतिविधियों के बीच तापमान में भी बदलाव देखने को मिला है। दिन के तापमान में कुछ स्थानों पर बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि रात का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में बारिश के चलते लोगों को गर्मी से और राहत मिल सकती है।
ये भी पढ़ें- सरकार की पेपर लीक रोकने की नियत नहीं, व्यवस्था बदलने के लिए जनता को सड़क पर आना पड़ेगा- केजरीवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







