WagonR Flex Fuel : मारुति सुजुकी ने अपनी पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार वैगनआर की डिलीवरी शुरू कर दी है. कंपनी का कहना है कि यह देश की पहली ऐसी कार है, जो पेट्रोल के अलावा इथेनॉल मिले ईंधन पर भी चलने में सक्षम है. सरकार की ओर से भी इथेनॉल आधारित फ्यूल को बढ़ावा दिया जा रहा है, ऐसे में इस मॉडल को एक अहम कदम माना जा रहा है.
बता दें कि WagonR Flex Fuel की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 7.24 लाख रुपये रखी गई है. दिल्ली में इसकी पहली खेप इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन को सौंपी गई. फिलहाल कंपनी इस कार को चुनिंदा ग्राहकों और कमर्शियल इस्तेमाल के लिए उपलब्ध करा रही है. यह मॉडल मौजूदा वैगनआर पर आधारित है, लेकिन इसमें फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक को शामिल किया गया है.
फ्लेक्स-फ्यूल की खासियत
फ्लेक्स-फ्यूल सिस्टम की सहायता से कार पेट्रोल और इथेनॉल के अलग-अलग मिश्रण वाले ईंधन पर चल सकती है. WagonR Flex Fuel को E20 से लेकर E85 तक के फ्यूल ब्लेंड के लिए तैयार किया गया है. यानी इसमें पेट्रोल के साथ 20 प्रतिशत से 85 प्रतिशत तक इथेनॉल मिलाकर इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे पेट्रोल पर निर्भरता कम करने और प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है.
इंजन और फ्यूल सिस्टम में किए गए बदलाव
इस कार में 1.2 लीटर का पेट्रोल इंजन दिया गया है, जिसे इथेनॉल आधारित ईंधन के हिसाब से तैयार किया गया है. इंजन और फ्यूल सिस्टम में जरूरी बदलाव किए गए हैं, ताकि ज्यादा इथेनॉल वाले ईंधन के साथ कार बेहतर तरीके से काम कर सके.
लुक के मामले में WagonR Flex Fuel काफी हद तक सामान्य वैगनआर जैसी ही नजर आती है. हालांकि इसे अलग पहचान देने के लिए इसमें खास बैजिंग और ग्राफिक्स शामिल किए गए हैं. फीचर्स की बात करें तो इसमें टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, पावर विंडो, एयरबैग और जरूरी सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं.
WagonR Flex Fuel को ज्यादा पर्यावरण अनुकूल और वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने वाली कार के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि इसकी कामयाबी इस बात पर भी निर्भर करेगी कि देश में इथेनॉल आधारित ईंधन की उपलब्धता कितनी तेजी से बढ़ती है.
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









