Punjab News : राज्य में चल रहे निर्णायक अभियान ‘गैंगस्टरों ते वार’ के 145वें दिन पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित एवं मैप किए गए 529 ठिकानों पर छापेमारी की.
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरों ते वार’ पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए एक निर्णायक जंग है, जिसकी शुरुआत 20 जनवरी, 2026 को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा की गई थी. एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें पूरे राज्य में विशेष अभियान चला रही हैं.
126 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई
145वें दिन पुलिस टीमों ने चार हथियारों सहित 302 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे अभियान की शुरुआत के बाद कुल गिरफ्तारियों की संख्या 36,932 हो गई है.
इसके अतिरिक्त 126 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई की गई है, जबकि 2 व्यक्तियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया. पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान 9 भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया है.
70 तस्करों से हेरोइन और नशीली गोलियां जब्त
लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से गोपनीय रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में रिपोर्ट कर सकते हैं तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों संबंधी सूचना भी दे सकते हैं.
इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के विरुद्ध अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ को 470वें दिन भी जारी रखते हुए 70 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से 3.7 किलो हेरोइन, 250 नशीली गोलियां और 9500 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई. इसके साथ ही केवल 470 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 68,247 हो गई है.
नशा मुक्ति अभियान के हिस्से के रूप में, पंजाब पुलिस ने सात व्यक्तियों को नशा मुक्ति एवं पुनर्वास उपचार करवाने के लिए भी प्रेरित किया है.
ये भी पढ़ें- नोएडा में वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़, दो शातिर चोर गिरफ्तार, 11 बाइक समेत हथियार बरामद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







