Rajasthan Ebola Virus : राजस्थान में इबोला वायरस का पहला केस सामने आया है। राजस्थान धूमने आई एक महिला में इबोला के लक्षण पाए गए हैं। जिसके बाद अस्पताल प्रशासन अलर्ट मोड पर है। महिला को आइसोलेशन में रखा गया है। जहां उसकी पल-पल की अपडेट ली जा रही है।
जयपुर एयरपोर्ट पर नियमित जांच
बता दें कि महिला युगांडा से राजस्थान (जयपुर) घूमने के लिए आई थी। जानकारी के मुताबिक महिला आज सुबह करीब 4:30 बजे एयर अरबिया की फ्लाइट से शारजाह होते हुए जयपुर पहुंची थी। जयपुर एयरपोर्ट पर नियमित स्क्रीनिंग के दौरान स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें इबोला संक्रमण जैसे लक्षण की आशंका जताई गई। इसके बाद तत्काल उसे एयरपोर्ट से आरयूएचएस अस्पताल भेजा गया।
राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ एंड साइंसेज के अधीक्षक डॉ. अनिल गुप्ता ने कहा कि अभी इबोला की पुष्टि नहीं हुई है। महिला के सैंपल जांच के लिए पुणे की विशेष लैब भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही संक्रमण की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल महिला का इलाज जारी है।
स्वास्थ्य विभाग की लोगों से अपील
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार संक्रमण की आशंका को देखते हुए चिकित्सा टीम को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान ना देने की अपील की है। विभाग ने कहा कि लोग केवल आधिकारिक सूचना और जानकारी पर ही भरोसा करें।
हैदराबाद हवाई अड्डे पर भी आया था केस
गुरुवार को एक सूडानी नागरिक हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा, जहां जांच के दौरान उसमें इबोला जैसे कुछ शुरुआती लक्षण दिखाई दिए। एहतियात के तौर पर उसे आगे की चिकित्सकीय जांच और निगरानी के लिए आइसोलेशन केंद्र भेजा गया।
अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की विशेष स्क्रीनिंग
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, यात्री हाल ही में दक्षिण सूडान और युगांडा की यात्रा करके लौटा है। इन क्षेत्रों में इबोला वायरस के मामलों की खबरों को देखते हुए एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की विशेष स्क्रीनिंग की जा रही है।
संदिग्ध लक्षणों के आधार पर निगरानी
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इसे इबोला का पुष्टि किया गया मामला नहीं माना जा रहा है। केवल यात्रा इतिहास और कुछ संदिग्ध लक्षणों के आधार पर उसे निगरानी में रखा गया है। चिकित्सकीय जांच और लैब रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय होगा कि मामला इबोला संक्रमण से जुड़ा है या नहीं।
क्या है इबोला वायरस के लक्षण
इबोला वायरस के लक्षण फ्लू (Flu) जैसे होते हैं जो संक्रमण के 2 से 21 दिनों के भीतर अचानक सामने आ सकते हैं। शुरुआती दिनों में फ्लू जैसे सामान्य लक्षण दिखाई देते हैं। तेज बुखार, अत्यधिक थकान, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, गंभीर दस्त, उल्टी, पेट दर्द और बिना किसी स्पष्ट कारण के त्वचा या अंगों से अत्यधिक रक्तस्राव (हेमरेज) होना शामिल है।
गंभीर लक्षण
जैसे-जैसे बीमारी बढ़ती है, पाचन तंत्र प्रभावित होता है और स्थिति गंभीर हो जाती है। उल्टी और दस्त (पानी की तरह), पेट में तेज दर्द, भूख न लगना आदि हो सकते हैं।
अंतिम और जानलेवा चरण
असामान्य रूप से रक्तस्राव- नाक, मुंह, मसूड़ों या मल-मूत्र में खून आना, त्वचा पर लाल चकत्ते (Rashes) का उभरना, मल्टी-ऑर्गन फेल होना और शॉक की स्थिति हो सकती है।
ये भी पढ़ें- विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, 1,30,000 रुपए रिश्वत लेते ASI रंगे हाथों गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









