Ghaziabad Surya Murder Case : गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार में प्रशासन ने सूर्या प्रताप चौहान हत्याकांड से जुड़े मुख्य आरोपी असद के आवास पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। उप जिलाधिकारी की ओर से जारी नोटिस को घर के बाहर चस्पा किया गया है, साथ ही स्थानीय स्तर पर ढोल-नगाड़ों और लाउडस्पीकर के माध्यम से 15 दिनों के भीतर अवैध कब्जा हटाने का सार्वजनिक अल्टीमेटम दिया गया।
अवैध निर्माण खाली करने की चेतावनी
अधिकारियों के अनुसार, यह संपत्ति आरोपी के पिता के नाम पर दर्ज है और रिकॉर्ड में अब तक उसी के नाम पर बनी हुई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई न होने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में भारी हलचल देखने को मिली। प्रशासनिक टीम ने सार्वजनिक घोषणा कर लोगों को अवैध निर्माण खाली करने की चेतावनी दी, जिससे स्थानीय निवासियों में भी चर्चा तेज हो गई है।
सभी दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई
इधर, प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी नजर आ रही है। कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और सुरक्षा व आर्थिक सहायता का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शामिल सभी लोगों पर हो कार्रवाई
28 मई को 17 वर्षीय सूर्या प्रताप चौहान की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने शेष आरोपियों पर कार्रवाई की मांग दोहराई है और कहा है कि इस साजिश में शामिल सभी लोगों पर कठोर कदम उठाए जाने चाहिए।
ये भी पढ़ें- बच्चों को सिगरेट थमा देना सोशल मीडिया से बेहतर, डेनमार्क PM के बयान से दुनिया में बवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









