Dewas Factory Blast : मध्य प्रदेश के देवास जिले में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया. टोंककला गांव स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक तेज धमाका होने से अफरा-तफरी मच गई. हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग गंभीर रूप से झुलस गए. विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी. घटना के बाद इलाके में धुएं का गुबार फैल गया और फैक्ट्री में भीषण आग लग गई.
जानकारी के अनुसार, धमाके के बाद आग तेजी से फैली, जिससे फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए. स्थानीय लोगों ने आवाज सुनते ही मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालने में मदद की. सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया.
प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर
हादसे में घायल हुए लोगों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से देवास जिला अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से झुलसे कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है. अब तक सात गंभीर रूप से घायलों को इंदौर भेजे जाने की जानकारी सामने आई है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाके की तीव्रता इतनी तेज थी कि फैक्ट्री की दीवारों को भी नुकसान पहुंचा. आग और धुएं के बीच कई मजदूर बुरी तरह झुलस गए. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया.
फैक्ट्री परिसर को पुलिस ने घेरा
घटना की जानकारी मिलते ही ADG उज्जैन राकेश गुप्ता, संभागायुक्त आशीष सिंह, DIG, कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. फिलहाल फैक्ट्री परिसर को पुलिस ने घेर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
हादसे की वजह जांच के बाद होगी स्पष्ट
वहीं, प्रशासन को आशंका है कि पटाखा सामग्री या बारूद में विस्फोट होने से हादसा हुआ. हालांकि, हादसे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि फैक्ट्री में सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं. साथ ही मजदूरों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम मौजूद थे या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है. प्रशासन ने जांच के बाद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की बात कही है.
ये भी पढ़ें- राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने टीचिंग एसोसिएट के 3540 पदों पर निकाली भर्ती, डिटेल में पढ़ें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









