Madhya Pradeshराज्य

राजगढ़ के पचोर में पेट्रोल पंप पर भीषण आग, 12 लोग झुलसे, कई वाहन जलकर खाक

Rajgarh Fire : मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर शहर से एक गंभीर हादसे की सूचना सामने आई है, जहां सोमवार (11 मई) की रात शहर के बीचों-बीच स्थित चुन्नालाल-मुन्नालाल भारत पेट्रोल पंप पर अचानक भीषण आग लग गई. इस घटना में करीब 12 लोग झुलस गए, जबकि 12 मोटरसाइकिलें और एक पेट्रोल टैंकर पूरी तरह जलकर खाक हो गया. आग लगने के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

जानकारी के अनुसार, घटना रात लगभग 8:30 बजे हुई, जब पेट्रोल पंप पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी और लोग पेट्रोल भरवा रहे थे. इसी दौरान अचानक आग लग गई, जो कुछ ही पलों में तेजी से फैल गई और आसपास खड़ी गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया घटना का कारण

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक बाइक सवार पेट्रोल भरवाकर जैसे ही आगे बढ़ा, तभी उसकी बाइक में आग लग गई. घबराकर वह बाइक छोड़कर वहां से भाग गया. इसके बाद वह जलती हुई बाइक लुढ़कते हुए पास खड़े पेट्रोल टैंकर तक पहुंच गई, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे क्षेत्र में फैल गई.

कुछ ही मिनटों में पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. कई लोगों ने वाहनों को हटाने की कोशिश की, लेकिन आग की तेजी के कारण किसी को ज्यादा समय नहीं मिला और पूरा इलाका धुएं और लपटों से घिर गया.

इलाके में दहशत और जांच जारी

पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तुरंत उपलब्ध फायर सेफ्टी उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया.

इस हादसे में पुरानी पचोर निवासी बलराम, पिता कपिल गुर्जर, गंभीर रूप से झुलस गए हैं. इसके अलावा 11 अन्य लोग भी घायल हुए हैं. सभी घायलों को पचोर, शाजापुर और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इंदौर रेफर किया गया है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और पुलिस जांच जारी है.

ये भी पढ़ें- हिमाचल में दर्दनाक हादसा, 6 पर्यटकों की मौत, 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button