UP News : उत्तर प्रदेश में बीते 48 से 72 घंटों के दौरान मौसम में आए बदलाव ने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है. खास तौर पर वाराणसी में, जहां अप्रैल और मई के महीनों में आमतौर पर तेज धूप, लू और अत्यधिक तापमान से जनजीवन प्रभावित रहता है, इस बार हालात बिल्कुल अलग नजर आ रहे हैं. मौसम का यह बदला हुआ मिजाज न सिर्फ आम लोगों बल्कि मौसम विशेषज्ञों के लिए भी हैरानी का कारण बना हुआ है. वर्तमान में काशी का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस तक सीमित हो गया है, जबकि सामान्य तौर पर इस समय पारा 45 से 50 डिग्री तक पहुंच जाता है. स्थिति यह है कि लोगों को पंखे तक बंद करने पड़ रहे हैं.
पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण उत्तर भारत, विशेष रूप से उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिला है. अप्रैल के मध्य में जहां तापमान 40 से 45 डिग्री के बीच पहुंच गया था और गर्मी चरम पर थी, वहीं अप्रैल के अंतिम सप्ताह से लेकर मई के पहले सप्ताह तक मौसम ने राहत भरा रुख अपना लिया है.
तेज हवाओं और बारिश से मिली राहत
वाराणसी में पिछले दो दिनों से तेज हवाओं के साथ आसमान में बादल छाए हुए हैं और रात के समय हल्की बारिश भी हो रही है. मई के शुरुआती दिनों में जहां आमतौर पर तेज धूप और उमस भरी गर्मी होती है, वहां इस बार लोगों को हल्की ठंड का एहसास हो रहा है. आईएमडी के मुताबिक, वाराणसी में अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री के बीच बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 20 डिग्री तक पहुंच रहा है. इसके साथ ही तेज हवाओं का सिलसिला भी जारी है, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है.
लोगों को लंबे समय बाद मिली लगातार राहत
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि अप्रैल और मई के महीनों में इतने लंबे समय तक ऐसा मौसम बहुत कम देखने को मिलता है. आमतौर पर आंधी या बारिश के बाद थोड़ी देर के लिए ही गर्मी से राहत मिलती थी, लेकिन इस बार पिछले तीन-चार दिनों से गर्मी का एहसास लगभग खत्म हो गया है. मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों तक वाराणसी और आसपास के इलाकों में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है.
ये भी पढ़ें- कैथल में 17 वर्षीय लड़की का रास्ता रोककर छेड़खानी, मां की शिकायत पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









