राजनीति

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव नतीजों पर सियासी घमासान: बड़े नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाएं, जानिए किसने क्या कहा

Politics News : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं. परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 206 सीटों के साथ बड़ी जीत दर्ज की है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) 80 सीटों पर सिमट गई है. वहीं, कांग्रेस को 2 सीटें, AJUP को 2 सीटें और CPI(M) को केवल 1 सीट मिली है.

चुनाव परिणामों के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर भी तेज हो गया है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया, “असम और बंगाल में बीजेपी द्वारा चुनाव आयोग के समर्थन से चुनाव धांधली के स्पष्ट उदाहरण देखने को मिलते हैं. हम ममता जी से सहमत हैं. बंगाल में 100 से अधिक सीटें धांधली से प्रभावित हुईं. हमने पहले भी इस तरह की रणनीति देखी है. मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, लोकसभा 2024 आदि. चुनाव चोरी, संस्था चोरी – अब और चारा ही क्या है.”

वहीं, समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने भी एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “हर धोखे भरी जीत की एक समय सीमा होती है. यही तथ्य ‘सत्य का आधार’ है.”

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा, “क्या सत्ताधारी राजनीति अब इसे पाताल से भी नीचे ले जाने पर आमादा है? यह देश के राजनीतिक इतिहास के सबसे अंधेरे दिनों में से एक है. आज पूरा देश गुस्से में है और लोकतंत्र दुखी है. बंगाल में मतगणना के दौरान केंद्रीय बलों के जिस तरह के दुरुपयोग की खबरें आईं, वह साफ तौर पर चुनावी धांधली है. यह ठीक वैसा ही घिनौना मॉडल है जो 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में ज्यादातर जगहों पर अपनाया गया था. कन्नौज इसका सीधा गवाह है. फिर 2024 के लोकसभा चुनाव में फर्रुखाबाद में भी यही खेल दोहराया गया. सब जानते हैं कि असल में क्या हुआ है. जनता का मत खुलेआम लूट लिया गया. यह बेहद निंदनीय और लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है.”

वहीं, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, “दिल्ली और बंगाल, जहां बीजेपी ‘मोदी लहर’ के चरम पर भी जीत हासिल नहीं कर पाई. 2015 में दिल्ली में और 2016 में बंगाल में, उन्हें सिर्फ 3-3 सीटें मिलीं. वहीं, दिल्ली और बंगाल में बीजेपी ने तब जीत हासिल की जब पूरे देश में मोदीजी की लोकप्रियता चरम पर थी, कैसे?”

आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में मतदान दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को संपन्न हुआ था, जबकि परिणाम 4 मई को घोषित किए गए.

ये भी पढ़ें- गर्मी में गन्ने का जूस कितना सुरक्षित? एक्सपर्ट ने बताए फायदे और खतरे

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button