Punjab News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए जारी प्रयासों के तहत, पंजाब पुलिस ने ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम के 423वें दिन कार्रवाई तेज करते हुए राज्यभर में चिन्हित ड्रग हॉटस्पॉट्स नशीले पदार्थों की बिक्री वाले स्थानों पर राज्य स्तरीय घेराबंदी एवं तलाशी अभियान (CASO) चलाया.
यह अभियान पुलिस महानिदेशक (DGP ) पंजाब गौरव यादव के निर्देशों पर राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक एक साथ चलाया गया.
कैबिनेट सब-कमेटी निगरानी में जुटी
इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने राज्यभर में 439 ड्रग हॉटस्पॉट्स पर छापेमारी की, जिसके तहत 94 एफआईआर दर्ज कर 125 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 474 ग्राम हेरोइन, 1.5 किलोग्राम अफीम, 55 किलोग्राम भुक्की, 3042 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 6060 रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की गई.
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस कमिश्नरों, डिप्टी कमिश्नरों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के निर्देश दिए हैं. पंजाब सरकार ने इस अभियान की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब-कमेटी का गठन भी किया है.
61 हजार तस्कर गिरफ्तार
स्पेशल डीजीपी कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला, जो इस अभियान की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं, ने बताया कि 1 मार्च 2025 को शुरू किए गए ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम के परिणामस्वरूप राज्यभर में 43,317 एफआईआर दर्ज कर 61,142 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. इनके कब्जे से 2708 किलोग्राम हेरोइन, 764 किलोग्राम अफीम, 643 क्विंटल भुक्की, 923 किलोग्राम गांजा, 52.63 लाख नशीली गोलियां/कैप्सूल, 37.9 किलोग्राम आई सी ई और 17.66 करोड़ रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है.
अब तक 24,771 गिरफ्तारियां
इस दौरान ‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान के 98वें दिन पुलिस टीमों ने 5 हथियारों सहित 251 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे इस अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 24,771 हो गई है. इसके अलावा 80 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 57 व्यक्तियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया. पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान 3 भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया.
ये भी पढ़ें- Vivo का नया 5G फोन Vivo X300 FE, लॉन्च से पहले सामने आए बड़े फीचर्स
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









