Uttar Pradeshराज्य

हमीरपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: बारातियों से भरी वैन ट्रक से टकराई, 4 की मौत, कई घायल

Hamirpur Road Accident : उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया. नेशनल हाईवे-34 पर बारात में शामिल लोगों से भरी एक वैन की तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर हो गई, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

जानकारी के मुताबिक, कुरारा थाना क्षेत्र के डामर गांव से कुशवाहा समाज की बारात महोबा जिले के खड्डी पहरा गांव जा रही थी. बारात में शामिल कुछ लोग एक ओमनी (इको) वैन में सवार होकर हमीरपुर से महोबा की ओर बढ़ रहे थे. जैसे ही वाहन मौदहा कोतवाली क्षेत्र के नाराइच रोड पर छिरका गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई.

भीषण टक्कर में वैन के उड़े परखच्चे

टक्कर इतनी भयानक थी कि वैन पूरी तरह चकनाचूर हो गई. हादसे में उर्दना गांव निवासी मोहन, डामर गांव के कमलेश, तिंदुही गांव के आशीष समेत एक अन्य व्यक्ति की जान चली गई. वहीं दिलीप, रोहित और बाबूजी गंभीर रूप से घायल हो गए.

अधिकारियों के नेतृत्व में चला रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंचा. पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक और सीओ मौदहा के नेतृत्व में टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को मौदहा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.

शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए

जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने बताया कि वैन में कुल सात लोग सवार थे, जो अलग-अलग गांवों से थे और शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु हो गई है, जबकि तीन का इलाज जारी है. ट्रक चालक को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

ये भी पढ़ें- ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारतीय सेना की बढ़ी ताकत, 50 नई यूनिट्स और हाईटेक हथियारों से लैस

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button