Road Accident : उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया. रांची से शादी समारोह संपन्न कर लौट रहे लोगों की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
मिली जानकारी के अनुसार, बरसातपुर-अहिरानी हाईवे पर देर रात करीब 2 बजे स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर अपनी लेन से दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहे ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार पांचों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे में उनके साथ मौजूद एक पालतू कुत्ते की भी जान चली गई.
वहीं इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग जुट गए. सूचना मिलते ही दोहरीघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मऊ भेज दिया.
बताया जा रहा है कि मृतक परिवार रांची में अपनी बेटी की शादी कराकर गोरखपुर के रानीडीहा गांव लौट रहा था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया.
प्रशासन जांच में जुटा
मृतकों की पहचान विनय श्रीवास्तव (53), उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (48) और पुत्र कृतार्थ श्रीवास्तव (27) के रूप में हुई है. इसके अलावा रविन्द्र यादव (20) और पुरुषोत्तम कुमार (28) की भी मौत हुई है. रविन्द्र यादव और पुरुषोत्तम कुमार बिहार के गया जिले के मटीहानी गांव के निवासी बताए गए हैं.
इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. एक ही परिवार के कई सदस्यों की एक साथ मौत से माहौल गमगीन हो गया है. प्रशासन मामले की जांच में जुटा है.
ये भी पढ़ें- AAP पार्टी में बड़ी टूट, राघव चड्ढा जल्द भाजपा ज्वाइन करेंगे, दो तिहाई सांसदों के साथ BJP में करेंगे विलय
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








