विदेश

ईरान ने सीजफायर वार्ता से किया इनकार, लेबनान में हमलों को लेकर कही बात, डिटेल में पढ़ें

Iran Rejects Ceasefire : ईरान ने पाकिस्तान में प्रस्तावित सीजफायर वार्ता में शामिल होने से साफ इनकार कर दिया है। ईरानी मीडिया आउटलेट फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, तेहरान ने स्पष्ट किया है कि जब तक लेबनान में युद्धविराम लागू नहीं होता, वह किसी भी बातचीत का हिस्सा नहीं बनेगा।

इससे पहले अमेरिकी मीडिया संस्थान वॉल स्ट्रीट जर्नल ने दावा किया था कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल गुरुवार शाम पाकिस्तान पहुंच चुका है, जिसमें संसद अध्यक्ष गालिबाफ और विदेश मंत्री अराघची शामिल हैं। हालांकि, फार्स न्यूज ने इस रिपोर्ट को गलत और भ्रामक बताया है।

पाकिस्तान के इस्लामाबाद में मुलाकात करेंगे

रिपोर्ट्स के अनुसार, 7 अप्रैल को अमेरिका और ईरान के बीच अस्थायी तौर पर दो सप्ताह के सीजफायर पर सहमति बनी थी। साथ ही यह भी चर्चा थी कि दोनों देशों के शीर्ष प्रतिनिधि पाकिस्तान के इस्लामाबाद में मुलाकात करेंगे, जहां शनिवार को बातचीत प्रस्तावित है। इसी सिलसिले में अमेरिकी डेलिगेशन के आज इस्लामाबाद पहुंचने की संभावना है।

ईरान इजराइल पर रणनीतिक दबाव

लेबनान में ईरान समर्थित संगठन हिजबुल्लाह को क्षेत्र का सबसे ताकतवर सशस्त्र समूह माना जाता है, जिसके जरिए ईरान इजराइल पर रणनीतिक दबाव बनाए रखता है। मौजूदा संघर्ष में अगर हिजबुल्लाह कमजोर होता है तो ईरान का क्षेत्रीय प्रभाव घटने की आशंका जताई जा रही है।

यूरेनियम संवर्धन पूरी तरह रोका जाए

ईरान ने सीजफायर के लिए करीब 10 शर्तें रखी हैं, जिनमें क्षेत्रीय संघर्षों को खत्म करना और लेबनान, यमन जैसे क्षेत्रों पर हमलों को रोकना शामिल बताया जा रहा है। वहीं, अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित बातचीत में कई अहम मुद्दे शामिल हैं। ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका का कहना है कि यूरेनियम संवर्धन पूरी तरह रोका जाए और परमाणु सुविधाओं को सीमित या बंद किया जाए। दूसरी ओर ईरान प्रतिबंधों में राहत, जमे हुए धन की वापसी और आर्थिक मुआवजे की मांग कर रहा है।

होर्मुज को लेकर देशों के बीच मतभेद

इसके अलावा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर भी दोनों देशों के बीच मतभेद बने हुए हैं। अमेरिका चाहता है कि यह समुद्री मार्ग बिना किसी शुल्क या बाधा के पूरी तरह खुला रहे, जबकि ईरान वहां नियंत्रण और शुल्क व्यवस्था बनाए रखने की बात कर रहा है।

रिहायशी इलाकों को बनाया निशाना

इसी बीच लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी के अनुसार, दक्षिणी लेबनान के हनाविया शहर में इजराइली हवाई हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हुआ है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि कई रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर विस्फोट किए गए हैं।

इजराइल के कई शहरों पर रॉकेट हमले

वहीं, हिजबुल्लाह ने भी इजराइल के कई शहरों पर रॉकेट हमले किए हैं। इजराइली सेना के अनुसार, रात के बाद उत्तरी इजराइल की ओर लगभग 60 रॉकेट दागे गए, जबकि अशदोद और हाइफा जैसे शहरों को भी लंबी दूरी के हथियारों से निशाना बनाया गया।

ये भी पढ़ें- हर‍ियाणा के संत रामपाल आज आएंगे जेल से बाहर, 11 साल बाद होंगे रिहा, सोनीपत जाने की चर्चा, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button