Bangladesh IPL Broadcast Ban : बांग्लादेश सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए देश में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के सभी मैचों के प्रसारण पर तुरंत रोक लगा दी है. यह फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान से जुड़े विवाद के बाद लिया गया है. इस फैसले ने पूरे क्रिकेट जगत को चौंका दिया है, बल्कि भारत-बांग्लादेश के क्रिकेट संबंधों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं
बीसीसीआई (BCCI) ने आईपीएल 2026 सीजन से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज करने के निर्देश दिए थे. मुस्ताफिजुर रहमान केकेआर के लिए अहम खिलाड़ी माना जा रहा था. हालांकि बिना किसी कारण से उनको बाहर किए जाने से बांग्लादेश में नाराजगी फैल गई. वहां इसे सिर्फ खेल का फैसला नहीं, बल्कि देश के सम्मान से जुड़ा मुद्दा माना गया.
बांग्लादेश ने IPL प्रसारण रोकने का आदेश जारी किया
बांग्लादेश सरकार की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया, इस विषय के संदर्भ में सूचित किया जाता है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) क्रिकेट टूर्नामेंट- जो 26 मार्च 2026 से आयोजित होने वाला है, के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स टीम से बांग्लादेश के खिलाड़ी मुस्ताफिजुर रहमान को बाहर किए जाने संबंधी एक निर्देश जारी किया गया है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड के इस फैसले के पीछे कोई भी कारण नहीं दिया गया है. इस फैसले से बांग्लादेश की जनता आहत और दुखी है. इन परिस्थितियों में, अगले आदेश तक निर्देशानुसार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सभी मैचों और कार्यक्रमों के प्रसारण/टेलीकास्ट को रोकने का निर्देश दिया जाता है.
BCB ने वर्ल्ड कप शिफ्ट मांगा
बता दें कि मुस्ताफिजुर विवाद अब सिर्फ इंडियन प्रीमियर लीग तक सीमित नहीं रहा है. इसका असर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर भी अब दिखने लगा है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि 2026 टी20 वर्ल्ड कप में भारत में होने वाले उसके मैचों को श्रीलंका शिफ्ट किया जाए. वहीं, BCB का कहना है कि मौजूदा हालात में भारत में खिलाड़ियों की सुरक्षा और निष्पक्षता को लेकर भरोसा नहीं रहा.
बांग्लादेश ने स्पष्ट कर दिया है कि वह फरवरी 2026 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम भारत नहीं भेजेगा. यदि यह फैसला लागू होता है, तो भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट संबंधों में गंभीर तनाव और बड़ी दरार देखने को मिल सकती है.
ये भी पढ़ें- दिल्ली के ली मेरिडियन होटल से शख्स ने लगाई छलांग, 12वीं मंजिल से कूदकर दी जान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









