Bangladesh Fire : बांग्लादेश की राजधानी ढाका के बाजार में शनिवार सुबह 12-मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर आग लग गई। इस आग से पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सौभाग्य से, इस हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
42 लोगों को सुरक्षित निकाला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फायर सर्विस अधिकारियों ने इमारत से कम से कम 42 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। पिछले दो महीनों के भीतर ढाका के बहुमंजिला इमारत में यह घटना दूसरी बार हुई है। 14 अक्टूबर को ढाका में एक रासायनिक गोदाम और उससे सटे वस्त्र कारखाने में भीषण आग लगी थी, जिसमें 16 लोगों की मौत हो गई थी।
सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ियां
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां 5:45 बजे मौके पर पहुंच गई। फायर सर्विस के मीडिया अधिकारी अनवारुल इस्लाम ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए कुल 18 दमकल गाड़ियों को लगाया गया। जिसके बाद आग बुझाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू किया गया।
फायर सर्विस के सीनियर स्टाफ ऑफिसर मोहम्मद शाहजहां शिकदर ने कहा कि जिस इमारत में आग लगी, वह कई अलग-अलग ब्लॉकों में बनी है, लेकिन सभी का बेसमेंट एक ही है। उन्होनें कहा कि ग्राउंड और पहली मंजिल पर गारमेंट्स के उत्पादों की दुकानें और छोटे-छोटे स्क्रैप गोदाम हैं, जबकि ऊपरी मंजिलों पर रिहायशी अपार्टमेंट हैं। बेसमेंट में आने-जाने के लिए सिर्फ दो ही एग्जिट प्वाइंट हैं।
दमकलकर्मियों ने दुकानों के ताले और शटर काटें
आग बुझाने के दौरान दमकल कर्मियों को कई दुकानों के ताले और शटर काटकर खोलने पड़े। जिससे बचाव कार्य में काफी देर लग गई। स्थानीय लोगों और कारोबारियों का कहना है कि बेसमेंट में जमा स्क्रैप और कपड़ों की वजह से आग ज्यादा फैल गई होगी। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है।
ये भी पढ़ें- पागल कुत्ते ने मचाया आतंक, एक ही दिन में 49 लोगों पर किया हमला, दहशत में लोग
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









