Punjab : दिल्ली की ओर पैदल चले 101 किसानों-मज़दूरों के दूसरे जत्थे पर हरियाणा पुलिस का फिर से ज़ुल्म, 7 किसान घायल

Punjab
Punjab : दिल्ली आंदोलन 2 के तहत तय कार्यक्रम के अनुसार शंभू बॉर्डर से रोज़ाना 101 किसानों-मज़दूरों के जत्थे दिल्ली की ओर पैदल कूच कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में जी.के.एस. राजस्थान, किसान मज़दूर मोर्चा राजस्थान, बीकेयू शहीद भगत सिंह हरियाणा, राष्ट्रीय किसान संगठन, किसान पंचायत हरियाणा, प्रोग्रेसिव फार्मर्स फ्रंट यूपी, किसान मज़दूर संघर्ष कमेटी पंजाब, बीकेयू एकता आज़ाद, बीकेयू दोआबा, बीकेयू क्रांतिकारी, बीकेएमयू, बीकेयू भटेड़ी, किसान मज़दूर हितकारी सभा पंजाब, आज़ाद किसान कमेटी दोआबा, बीकेयू बहिरामके, इंडियन फार्मर्स एसोसिएशन के नेता और किसान हिस्सा ले रहे हैं।
किसान मज़दूर बैरिकेड्स तक पहुंचे
आज जब शंभू बॉर्डर से 101 किसानों-मज़दूरों का जत्था दिल्ली की ओर पैदल जा रहा था, तो हरियाणा पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने पैलेट बम, आंसू गैस और रसायनयुक्त मिर्च स्प्रे का इस्तेमाल कर उन्हें रोकने की कोशिश की। दोपहर 12 बजे जब किसान मज़दूर बैरिकेड्स तक पहुंचे, तो पुलिस ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें 7 किसान घायल हो गए। इनमें से 4 की हालत गंभीर है और एक किसान को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
किसान नेताओं ने जानकारी दी
खबर लिखे जाने तक पुलिसिया हिंसा जारी थी, लेकिन किसान शांतिपूर्ण तरीके से इसका सामना कर रहे हैं। किसान नेताओं ने जानकारी दी कि खनौरी बॉर्डर पर भूख हड़ताल पर बैठे वरिष्ठ किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की तबीयत लगातार बिगड़ रही है, लेकिन उनका हौसला बुलंद है। नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर उनकी जान को कोई नुकसान होता है, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे, और केंद्र सरकार को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
तानाशाही को उजागर कर दिया
इसके अलावा, आज अमृतसर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के दौरे पर किसानों-मज़दूरों ने दिल्ली आंदोलन के दौरान हो रहे अत्याचार के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसानों को गिरफ्तार कर लिया गया। खबर लिखे जाने तक गिरफ्तार किसानों को थाना छेहटा में नजरबंद रखा गया था।
किसान नेताओं ने कहा कि जब तक केंद्र सरकार किसानों-मज़दूरों की जायज़ मांगों का सार्थक हल नहीं निकालती, यह आंदोलन जारी रहेगा। ये संघर्षशील जत्थे बिना किसी हथियार के सरकारी ज़ुल्म का सामना करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की इस कार्रवाई ने उसकी तानाशाही को उजागर कर दिया है।
यह भी पढ़ें : साइबर सुरक्षा को मजबूत करने की ओर बड़ा कदम, सरकार रखेगी मोबाइल ट्रैफिक पर पैनी नजर
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप