
INDIA Bloc Maharally: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी रविवार (31 मार्च) को हुई इंडी गठबंधन की रैली में शामिल हुए। उन्होंने इस दौरान भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता खोने को लेकर ‘चिंतित’ है। अखिलेश यादव ने भाजपा पर विपक्ष को निशाना बनाने के लिए जांच एजेंसियों का ‘दुरुपयोग’ करने के लिए का आरोप लगाया है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर दुनिया भर में भाजपा की ”आलोचना” हो रही है।
INDIA Bloc Maharally: ‘दिल्ली से बाहर जाने वाले हमेशा के लिए जा रहे बाहर’
अखिलेश यादव ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि ‘ये रामलीला मैदान ऐतिहासिक मैदान है और आज जब हम लोग यहां एकत्रित हुए हैं और एकसाथ खड़े हुए हैं तो इस मैदान से ये ऐलान होने वाला है कि सत्ताधारी जो दिल्ली में बैठे है वो अब ज्यादा दिन नहीं रहेंगे। आज हम दिल्ली आए हैं। सुना है दिल्ली वाले आज दिल्ली से बाहर गए हैं। दिल्ली से जो आज बाहर जा रहे हैं वो हमेशा-हमेशा के लिए बाहर जा रहे हैं।’
‘AAP नेता से किस बात की घबराहट’
अखिलेश यादव ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि ‘ये लोग(भाजपा) जो 400 पार का नारा दे रहे हैं, अगर आपके 400 पार हो रहे थे तो आम आदमी पार्टी के नेता से आपको घबराहट किस बात की है? मैं तो उस उत्तर प्रदेश से आता हूं जहां के लोगों ने भाजपा को मौका दिया और उनका स्वागत किया लेकिन याद रहे कि उत्तर प्रदेश के लोग जो स्वागत करते हैं वो धूम-धाम से विदाई भी करते हैं’
‘भाजपा ने दुनिया में करवाई भारत की थू-थू’
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि ‘आपने चुने हुए लोगों और मुख्यमंत्रियों को जेल भेज दिया। जिस लोकतंत्र के लिए दुनिया में भारत का सम्मान होता था, आज उसी भारत की दुनिया में किसी ने सबसे ज्यादा थूं-थूं करवाई है तो वो भाजपा के लोगों ने करवाई है। इनके 10 साल का कार्यकाल आप देखोगे तो ये ब्रह्मांड की सबसे झूठी पार्टी है। ये 400 पार नहीं 400 हारने जा रहे हैं। ED, CBI से डराकर सबसे ज्यादा चंदा वसूलने का काम अगर किसी ने किया है तो वो भाजपा ने किया है।’
ये भी पढ़ें- I.N.D.I. Alliance Maharally: रामलीला मैदान से BJP पर जमकर बरसे राहुल गांधी, बोले- ये लड़ाई सविंधान को बचाने की लड़ाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरो को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप