Political News : पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के आंदोलन को समर्थन दिया है. शुक्रवार को दिल्ली से लौटने के बाद कोलकाता एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में ममता ने कहा कि वह CJP, युवाओं और छात्रों के साथ खड़ी हैं.
दिल्ली और मुंबई में CJP की ओर से किए जा रहे प्रदर्शनों को लेकर सवाल पूछे जाने पर ममता बनर्जी ने आंदोलन का समर्थन किया, उन्होंने कथित ज्यादतियों को रोकने की अपील भी की. इससे पहले अगस्त में भी उन्होंने NEET से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर CJP के प्रदर्शन का समर्थन किया था.
10 अक्टूबर को फिर दिल्ली पहुंचने का ऐलान
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने ऐलान किया है कि अगर ज्ञानेश कुमार पद से इस्तीफा नहीं देते हैं तो 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जाएगा. मुंबई के शिवाजी पार्क में हुए प्रदर्शन के बाद उन्होंने इसे ‘जंतर-मंतर 2.0’ बताया और ‘चलो दिल्ली’ का नारा दिया.
दिपके ने कहा है कि दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा और आंदोलनकारी महात्मा गांधी के बताए रास्ते पर चलेंगे, उन्होंने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के पक्ष में रहने वाले लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है.
CJP की क्या हैं मुख्य मांगें?
आपको बता दें कि CJP ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है. संगठन ने 2025 की मतदाता सूचियों को फ्रीज करने और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े 2023 के कानून को खत्म करने की भी मांग रखी है.
CJP नेताओं ने मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं. अभिजीत दिपके ने दो वर्षों में 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने का दावा किया है, उन्होंने महाराष्ट्र, दिल्ली, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में भी मतदाता सूची में बदलाव के आरोप लगाए हैं. इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. अब ममता बनर्जी के समर्थन और 10 अक्टूबर के प्रस्तावित प्रदर्शन के ऐलान के बाद CJP का आंदोलन अगले चरण में पहुंचने की तैयारी में है.
ये भी पढ़ें – CEC के खिलाफ सड़कों पर संग्राम: दिल्ली में AAP का प्रदर्शन, मुंबई में CJP का ‘जेल भरो आंदोलन’
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









