कब होगा साल 2023 का पहला सूर्य ग्रहण, जानें सही डेट

उज्जैन- हर साल सूर्य व चंद्र ग्रहण जैसी कई खगोलीय घटनाएं होती हैं। खगोल शास्त्र में इन्हें सामान्य माना जाता है, लेकिन हमारे देश भारत में ग्रहण से जुड़ी कई मान्यताएं और परंपराएं प्रचलित हैं। यहां इन्हें धर्म और ज्योतिष से जोड़कर देखा जाता है। साल 2023 में पहला सूर्य ग्रहण अप्रैल में होगा। ये कुछ देशो में दिखाई देगा और कुछ में नहीं। आगे जानिए ये ग्रहण कब होगा और ये भारत में दिखाई देगा या नहीं।
कब होगा साल 2023 का पहला सूर्य ग्रहण? (First Surya Grahan 2023 Date)
उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. प्रवीण द्विवेदी के अनुसार, साल 2023 का पहला सूर्य ग्रहण 20 अप्रैल को होगा। इस दिन वैशाख मास की अमावस्या रहेगी। ये ग्रहण ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया आदि देशों में दिखाई देगा। भारत में ये ग्रहण दिखाई नहीं देगा, इसलिए यहां इनकी कोई धार्मिक और ज्योतिषीय मान्यताएं नहीं रहेंगी। भारतीय समय के अनुसार, सूर्य ग्रहण 20 अप्रैल की सुबह 07.05 से शुरू होकर 12.29 पर समाप्त होगा।
क्या इस ग्रहण का सूतक माना जाएगा? (Will the solar eclipse April 2023 be visible in India?)
ज्योतिषाचार्य पं. द्विवेदी के अनुसार, भारत में ये ग्रहण किसी भी रूप में दिखाई नहीं देगा, जिसके चलते यहां इसका कोई भी प्रभाव जैसे सूतक आदि मान्य नहीं होगा। जिन देशों में ये ग्रहण दिखाई देगा सिर्फ वहीं इसका प्रभाव मान्य रहेगा। हालांकि राशि अनुसार, इसका प्रभाव लोगों पर शुभ-अशुभ रूप में जरूर दिखाई देगा। लेकिन इसका प्रभाव भी इतना अधिक नहीं होगा।
कब होगा साल 2023 का दूसरा सूर्य ग्रहण? (Second Surya Grahan 2023 Date)
ज्योतिषियों के अनुसार, साल 2023 में 2 सूर्य ग्रहण होंगे। पहले की तरह दूसरा सूर्य ग्रहण भी भारत में दिखाई नहीं देगा, इसलिए इसकी मान्यता भी हमारे देश में नहीं रहेगी। ये सूर्य ग्रहण 14 अक्टूबर को आश्विन मास की अमावस्या पर होगा। ज्योतिषियों के अनुसार, साल 2023 का दूसरा सूर्य ग्रहण अमेरिका और अफ्रीका के कुछ क्षेत्रों में दिखाई देगा। भारतीय समय के अनुसार, ग्रहण का आरंभ 14 अक्टूबर की रात 08.34 से होगा और मोक्ष 02.25 पर।