माउंट त्रिशूल आरोहण पर गए नौसेना-दल के छह लोग हिमस्खलन में लापता, राहत-बचाव कार्य जारी

Share

उत्तराखंड। करीब 15 दिन पहले उत्तराखंड के माउंट त्रिशूल के आरोहण के लिए निकला नौसेना का दल दुर्भाग्यवश हिमस्खलन की चपेट में आ गया है। जानकारी मिली है कि इसमें पांच पर्वतारोही और एक पोर्टर लापता हो गए हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद नेहरू पर्वतारोहण संस्थान से राहत-बचाव टीम त्रिशूल चोटी के लिए रवाना हो गई है, जिसकी अगुवाई कर्नल अमित बिष्ट कर रहे हैं।

पांच पर्वतारोही और एक पोर्टर लापता

कर्नल अमित बिष्ट के अनुसार लगभग 15 दिन पहले नौसेना का 20 सदस्यीय दल 7,120 मीटर ऊंची त्रिशूल चोटी पर चढ़ाई करने के लिए निकला था। शुक्रवार की सुबह 5 बजे दल हिमस्खलन की चपेट में आ गया। इस हिमस्खलन की चपेट में नौसेना के करीब पांच पर्वतारोही और एक पोर्टर आए हैं। सभी लोग लापता हैं अभी तक उनकी कोई ख़बर नहीं मिली है। 

तीन चोटियों से घिरा है माउंट त्रिशूल

माउंट त्रिशूल चमोली जनपद की सीमा पर स्थित कुमांऊ के बागेश्वर जनपद में पड़ता है। ये तीन चोटियों का समूह है, जिसकी वजह से इसे त्रिशूल कहते हैं। इस चोटी के आरोहण के लिए पर्वतारोही टीमें चमोली जनपद के जोशीमठ और घाट से जाती हैं। 

राहत-बचाव अभियान शुरू

भारतीय नौसेना का कहना है कि हिमस्खलन में लापता पर्वतारोही और एक पोर्टर की खोज के लिए सेना, वायु सेना और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल ने बचाव दल और हेलीकॉप्टर की सहायता से राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया है।