कश्मीर और मणिपुर में हालात चिंताजनक : संजय राउत

Maharashtra: मुंबई हमले की बरसी पर शिवेसना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा कि हमारी पुलिस ने मुंबई को आतंकियों से बचाया। आतंकियों ने मुंबई को कमजोर करने का प्रय़ास किया और अब कुछ राजनीतिक लोग ऐसा कर रहे हैं। उनके पास बंदूक और गोला बारूद नहीं है। किंतु, वह मुंबई को कमजोर कर उसकी अहमियत घटाना चाहते हैं। साथ ही, उन्होंने कहा कि कश्मीर और मणिपुर में हालात चिंताजनक हैं।
आज का दिन राजनीतिक बयानबाजी का नहीं है
इसके बाद राउत ने कहा कि आज का दिन राजनीतिक बयानबाजी का नहीं है। बल्कि आज मुंबई हमले में मारे गए लोगों और पुलिस अधिकारियों को याद करने का दिन है। मुंबई आज भले ही सुरक्षित है। लेकिन, कश्मीर और मणिपुर में सुरक्षाबलों की जान जा रही है। कश्मीर और मणिपुर में हालात चिंताजनक हैं और इस पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने दी श्रद्धांजलि
वहीं, मुंबई हमले की बरसी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर लिखा कि एक ऋणी राष्ट्र मुंबई हमले के सभी पीड़ितों को याद कर रहा है। हम उन परिवारों के साथ खड़े हैं और उन बहादुर आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
पूरे देश और दुनिया के लिए काला दिन
मुंबई आतंकी हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के बाद एनसीपी नेता सुप्रिया सुले ने कहा कि 26 नवंबर का दिन मुंबई और महाराष्ट्र के लिए ही नहीं बल्कि पूरे देश और दुनिया के लिए भी काला दिन है। मुंबई हमले में जान गंवाने वाले लोगों की वजह से हम जीवित हैं।
यह भी पढ़ें – हिन्द महासागर में इजरायली मालवाहक जहाज पर हमला, अमेरिका ने जताया ईरान पर शक