Bihar

Bihar Politics : छात्रों के समर्थन में RJD का पटना में मार्च, तेजस्वी को पुलिस ने हिरासत में लिया

Bihar Politics : बिहार के सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से फायरिंग के मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बुधवार को सड़क पर उतरे। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ पटना के जेपी गोलंबर से राजभवन तक मार्च निकाला। करीब 5 किलोमीटर लंबे इस मार्च में बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल

मार्च के दौरान तेजस्वी यादव और उनके समर्थक डाकबंगला चौराहे पर लगाए गए बैरिकेड को पार कर आगे बढ़ने लगे। इसके बाद पुलिस ने इनकम टैक्स चौराहे के पास प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। बाद में पुलिस ने तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए जाने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि वह जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भी जेल में हुआ था और सत्ता में आने वालों का जाना तय होता है।

पुलिसकर्मियों को निर्देश झंडों का सम्मान करें

प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं की ओर से पुलिस पर पानी की बोतलें फेंके जाने की बात सामने आई। वहीं, कुछ समर्थक लकड़ी से बनी AK-47 लेकर भी प्रदर्शन में पहुंचे। इस दौरान ASP लॉ एंड ऑर्डर कृष्ण मुरारी प्रसाद ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि वे प्रदर्शनकारियों के झंडों का सम्मान करें और किसी भी कार्रवाई में संयम बरतें।

तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी पार्टी छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर आगे भी संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि जब तक युवाओं को रोजगार नहीं मिलता, उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

तेजस्वी यादव की हिरासत के बाद…

तेजस्वी यादव की हिरासत के बाद राजद कार्यकर्ता इनकम टैक्स चौराहे के पास धरने पर बैठ गए। राजद एमएलसी सुनील सिंह ने कहा कि जब तक तेजस्वी यादव को रिहा नहीं किया जाता, प्रदर्शन जारी रहेगा। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर नजर रखी गई।

ये भी पढ़ें- इमरान खान से जेल में बहन और पत्नी की मुलाकात, सुप्रीम कोर्ट ने दिए इलाज के आदेश, सरकार दायर करेगी रिव्यू पिटीशन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button