
India GDP Growth : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की 7.8 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि नागरिकों के संकल्प, मेहनत और सामूहिक शक्ति का परिणाम है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करने की अपील भी की।
वैश्विक अस्थिरता के बीच भारत की मजबूत रफ्तार
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया इस समय युद्ध और कई तरह के संकटों से जूझ रही है। सप्लाई चेन में व्यवधान के साथ वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता बनी हुई है। कोविड-19 के दौर से अब तक दुनिया को स्थिरता की कमी का सामना करना पड़ा है, लेकिन इन परिस्थितियों के बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है।
स्वदेशी उत्पादों और सेवाओं को प्राथमिकता देने की अपील
प्रधानमंत्री ने लोगों से खरीदारी और यात्रा के दौरान स्वदेशी विकल्पों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने विदेशों में पर्यटन और डेस्टिनेशन वेडिंग से बचने की अपील करते हुए ‘वेड इन इंडिया’ का मंत्र अपनाने को कहा। पीएम मोदी ने गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से भी बचने की सलाह दी।
स्थानीय चीजों को अपनाने से देश को मिलेगा फायदा
पीएम मोदी ने कहा कि देश में बने उत्पादों और स्थानीय सेवाओं का इस्तेमाल बढ़ने से भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने आत्मनिर्भरता को विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ते हुए कहा कि लगातार इसी दिशा में आगे बढ़ने से आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक युवाओं को विकसित भारत सौंपने का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है।
युवाओं के सपनों को पूरा करने पर जोर
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से भारत की आर्थिक प्रगति का उत्सव मनाने के साथ विकसित भारत के निर्माण के लिए मेहनत जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की नीतियां सही दिशा में हैं, इरादे स्पष्ट हैं और 140 करोड़ भारतीयों की एकजुट ताकत भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है।
वैश्विक संकटों के बीच अर्थव्यवस्था ने दिखाई मजबूती
इससे पहले मई में भी प्रधानमंत्री ने वैश्विक संघर्षों के कारण सप्लाई चेन में आने वाली रुकावटों, बढ़ती कीमतों और अनिश्चितता से निपटने के लिए सामूहिक भागीदारी की अपील की थी। वहीं, सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल-जून तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ी। यह वृद्धि ऐसे समय में दर्ज हुई है जब वैश्विक स्तर पर युद्ध और उससे जुड़ी आर्थिक अनिश्चितताओं को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं।
ये भी पढ़ें – शनि के मेष राशि में गोचर तक इन 4 राशियों पर बरस सकती है शनिदेव की कृपा, धन-करियर में लाभ के योग
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









