Bihar

पटना के न्यू डाकबंगला चौराहे पर बेसमेंट में मिला युवक का शव, परिजनों के हंगामे के बाद तनाव

Bihar News : पटना के न्यू डाकबंगला चौराहे स्थित हेड़ा एंक्लेव के बेसमेंट से शनिवार को एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कमला नेहरू नगर निवासी सोनू उर्फ शुक्ला (19) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोनू पिछले चार दिनों से लापता था।

परिजनों के अनुसार, सोनू घर से कचरा चुनने जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद परिवार ने कोतवाली थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। मृतक के भाई छोटू ने बताया कि सोनू की शादी पिछले साल ही हुई थी।

इलाके में अफरा-तफरी का माहौल

शव मिलने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। मृतक के परिजन भी वहां पहुंचे और आक्रोशित होकर हंगामा करने लगे। इस दौरान कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई दुकानदारों ने सुरक्षा के चलते अपनी दुकानें बंद कर दीं।

बेसमेंट से आ रही थी दुर्गंध

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि बेसमेंट से काफी समय से तेज दुर्गंध आ रही थी। शक होने पर जब लोगों ने अंदर जाकर देखा तो वहां एक युवक का शव पड़ा मिला। इसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई।

शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के हाथ में ‘जय श्री राम’ लिखा हुआ एक बैंड भी मिला है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसकी मौत कब हुई।

जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि शव की स्थिति को देखते हुए संभावना है कि वह काफी समय से बेसमेंट में पड़ा हुआ था। गांधी मैदान थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौके पर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा भी मौजूद रहे और लोगों को शांत कराने का प्रयास करते दिखे। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी

ये भी पढ़ें- दिल्ली-IIT में पीएम मोदी की छात्रों को सीख, कहा- रियल लाइफ कैंपस लाइफ से अलग, बताया विकसित भारत का आधार और भविष्य की चुनौतियां

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button