Varanasi Airport Firing : वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब हथियार की जांच के दौरान अचानक गोली चल गई. गोली की चपेट में आने से एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच में तैनात दो कर्मी घायल हो गए.
घटना रविवार 16 अगस्त को सुबह करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है. घायल कर्मियों की पहचान सूत्रों के अनुसार सुमन कुमारी और रोहित राज के रूप में हुई है. दोनों को तत्काल एंबुलेंस से हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया.
मुंबई जाने वाली फ्लाइट के यात्री का था हथियार
एयरपोर्ट निदेशक के अनुसार, मुंबई जाने वाली उड़ान संख्या IX-1810 से यात्रा करने वाले एक यात्री ने अपनी पत्नी के साथ सफर के लिए हथियार घोषित किया था. विमान में ले जाने के लिए घोषित हथियार की एयरपोर्ट पर सुरक्षा कर्मियों द्वारा जांच की जा रही थी.
इसी जांच के दौरान यात्री के हथियार से एक राउंड फायर हो गया. गोली लगने से एएआईसीएलएएस के दो स्क्रीनर्स घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई.
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को भी दी गई है. अधिकारियों ने गोली चलने की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है. जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार से फायर किस वजह से हुआ और जांच के दौरान किन परिस्थितियों में यह घटना हुई.
पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां यात्री, हथियार और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही हैं. अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही गोली चलने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.
ये भी पढ़ें- चंडीगढ़ में सिख बंदियों की रिहाई को लेकर प्रदर्शन, पुलिस से झड़प, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








