
Nepal Flood : नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद सैकड़ों लापता लोगों की तलाश के बीच पुलिस के सामने एक नई चुनौती खड़ी हो गई है। बाढ़ के पानी में कम से कम 20 बैंकों की तिजोरियां बह गई हैं। पुलिस अब इन वॉल्ट को खोजकर सुरक्षित करने में जुटी है, ताकि उनमें मौजूद नकदी और कीमती सामान गलत हाथों में न पहुंच जाए।
प्रभावित इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी चुनौती
अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और तलाश अभियान के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर भी पुलिस का ध्यान है। डीआईजी अबी नारायण काफ्ले के मुताबिक, इस समय पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता लापता लोगों को ढूंढना है, लेकिन बैंकों की बह गई तिजोरियों को सुरक्षित करना भी जरूरी है।
कई तिजोरियां गाद में दबीं, कुछ पानी में बह गईं
डीआईजी काफ्ले ने बताया कि रसुवा, धाडिंग, चितवन समेत कई इलाकों में बैंक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। इन बैंकों की कई तिजोरियां भारी मात्रा में नकदी और सोने जैसी कीमती वस्तुओं के साथ बाढ़ में बह गईं या फिर मलबे और गाद के नीचे दब गईं। पुलिस और अन्य कर्मचारी ऐसी तिजोरियों को तलाशने और सुरक्षित करने का प्रयास कर रहे हैं।
बहकर आई तिजोरियां तोड़कर कैश चोरी करने के आरोप
अधिकारियों के मुताबिक, बाढ़ के बाद कुछ ऐसी घटनाएं भी सामने आई हैं, जिनमें लोगों ने पानी के साथ बहकर आई बैंक की तिजोरियों को तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। इसके चलते पुलिस प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्क है।
92 लाख नेपाली रुपये चोरी के आरोप में 29 गिरफ्तार
धाडिंग जिले की पुलिस ने अपर रसुवा इलाके से बहकर आई एक बैंक की तिजोरी से कथित तौर पर 92 लाख नेपाली रुपये चोरी करने के आरोप में 29 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब बाढ़ में लापता हुई अन्य तिजोरियों को भी तलाश रही है।
आठ घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित हुई बैंक की तिजोरी
डीआईजी अबी नारायण काफ्ले ने बताया कि रविवार शाम पुलिसकर्मी त्रिशूली में एग्रीकल्चर डेवलपमेंट बैंक की धुंगे शाखा की एक तिजोरी को सुरक्षित करने में सफल रहे। इसे सुरक्षित करने में पुलिस टीम को करीब आठ घंटे का समय लगा।
तिजोरी में नकदी और सोने का बड़ा भंडार
अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षित की गई तिजोरी में करीब 1.5 करोड़ नेपाली रुपये नकद और लगभग 50 करोड़ नेपाली रुपये मूल्य का सोना समेत अन्य कीमती सामान मौजूद था। इसके अलावा नुवाकोट स्थित कृषि विकास बैंक की एक अन्य तिजोरी को भी पुलिस ने सुरक्षित कर लिया है।
ये भी पढ़ें – नोएडा में मोबाइल चोरी के शक में युवक की पिटाई से मौत, 12 लोग हिरासत में
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









