Uttar Pradesh

मायावती ने सतीश चंद्र मिश्रा को दी नई जिम्मेदारी, अब चुनाव आयोग से जुड़े काम भी संभालेंगे

UP News : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बसपा सुप्रीमो मायावती ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है, उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और वरिष्ठ अधिवक्ता सतीश चंद्र मिश्रा को नई जिम्मेदारी सौंपी है. अब मिश्र लीगल और मीडिया से जुड़े काम के साथ-साथ चुनाव आयोग से संबंधित कार्य भी देखेंगे.

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में सतीश चंद्र मिश्रा की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी.

चुनाव की तैयारियों में जुटी बसपा

मायावती ने कहा कि बसपा यूपी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयारियों में जुट गई है. पार्टी सभी समाज के लोगों के बीच अपना जनाधार मजबूत करने के लिए जमीन पर काम कर रही है, उन्होंने बताया कि पार्टी प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है.

बसपा सुप्रीमो ने दावा किया कि पार्टी की तैयारियों को लेकर विरोधी दलों में बेचैनी बढ़ी है, उन्होंने कहा कि विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ता सम्मेलनों में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है.

ब्राह्मण समाज पर भी फोकस

मायावती ने कहा कि बसपा ने 2007 से सर्वसमाज में खासतौर पर ब्राह्मण समाज को विशेष तवज्जो दी है, उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी की इस रणनीति को लेकर विरोधी दलों में चर्चा और चिंता बनी हुई है, उन्होंने बहुजन समाज के लोगों से विरोधी दलों के कथित हथकंडों को लेकर सजग और सतर्क रहने की अपील भी की.

कौन हैं सतीश चंद्र मिश्रा?

आपको बता दें कि सतीश चंद्र मिश्रा बसपा के राष्ट्रीय महासचिव हैं. वह वरिष्ठ अधिवक्ता रह चुके हैं और बसपा सरकार के दौरान उत्तर प्रदेश के महाधिवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं.

मिश्र यूपी बार काउंसिल में कई बार जिम्मेदारी निभा चुके हैं. इसके अलावा वह बसपा सरकार में कैबिनेट मंत्री और राज्यसभा सांसद भी रहे हैं. अब यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उन्हें चुनाव आयोग से जुड़े काम की जिम्मेदारी मिलने से पार्टी की चुनावी रणनीति में उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है.

ये भी पढ़ें- बंगाल में बीरभूम के होटल में लगी भीषण आग, 8 की मौत, 9 घायल, तारापीठ दर्शन करने आए थे श्रद्धालु

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button