Marriage Controversy : उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नहटौर नगर में एक बैंक्वेट हॉल में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब शादी की रस्मों से ठीक पहले दुल्हन ने विवाह से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि दूल्हा पक्ष की ओर से लाए गए मेकअप के सामान से दुल्हन संतुष्ट नहीं थी, जिसके चलते उसने शादी करने से साफ मना कर दिया।
बैंक्वेट हॉल में बारात पहुंची
यह घटना नूरपुर क्षेत्र के मोहल्ला इस्लाम नगर निवासी युवक और नहटौर के जसमौरा गांव की युवती के बीच तय विवाह से जुड़ी है। 8 अप्रैल की रात धामपुर रोड स्थित बैंक्वेट हॉल में बारात पहुंची थी और शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान अचानक दुल्हन के इनकार से माहौल बदल गया।
दोनों ओर से होने लगा पथराव
दुल्हन के फैसले के बाद दोनों पक्षों में पहले बहस शुरू हुई, जो धीरे-धीरे विवाद और फिर हाथापाई में बदल गई। देखते ही देखते स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों ओर से पथराव होने लगा। इस दौरान दूल्हे की कार के शीशे टूट गए और वाहन को नुकसान पहुंचा।
लोगों को हिरासत में लेकर भेजा थाने
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झड़प में दूल्हा पक्ष के एक सदस्य के साथ मारपीट भी की गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेजा गया। पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि दूल्हा और दुल्हन एक ही रिश्तेदारी से जुड़े हुए हैं।
बिना दुल्हन के वापस लौटी बारात
बाद में देर रात दोनों पक्षों के बीच समाज के जिम्मेदार लोगों की मौजूदगी में समझौता हुआ। समझौते के अनुसार, शादी रद्द कर दी गई और दूल्हा पक्ष बारात लेकर बिना दुल्हन के वापस लौट गया। साथ ही यह तय हुआ कि शादी में हुए खर्च की भरपाई दूल्हा पक्ष द्वारा की जाएगी। इसके बाद बारात रात में ही वापस रवाना हो गई।
ये भी पढ़ें- ईरान ने सीजफायर वार्ता से किया इनकार, लेबनान में हमलों को लेकर कही बात, डिटेल में पढ़ें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









