Tamil Nadu Politics : तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके ने बड़ा राजनीतिक उलटफेर करते हुए 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सबको चौंका दिया है. बता दें कि बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है, ऐसे में पार्टी को सरकार बनाने के लिए अन्य दलों के समर्थन की आवश्यकता है.
इसी बीच कांग्रेस ने टीवीके को समर्थन देने का फैसला किया है. ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने मंगलवार (5 मई) को कहा कि इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय तमिलनाडु इकाई पर छोड़ दिया गया है. इसके बाद कांग्रेस की वर्चुअल बैठक में टीवीके को समर्थन देने का प्रस्ताव पारित किया गया. सूत्रों के अनुसार, समर्थन का औपचारिक पत्र बुधवार (6 मई) को जारी किया जा सकता है और इसके बाद कांग्रेस विधायक टीवीके प्रमुख विजय से मुलाकात भी कर सकते हैं.
सरकार गठन और गठबंधन की रूपरेखा पर चर्चा
इस बैठक में सरकार गठन और गठबंधन की आगे की रूपरेखा पर भी चर्चा होने की संभावना है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस की ओर से समर्थन की जानकारी टीवीके नेतृत्व को पहले ही दे दी गई थी, जिससे दोनों दलों के बीच समझौता लगभग तय माना जा रहा है.
बीजेपी की भूमिका को लेकर कांग्रेस का रुख साफ
इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा था कि तमिलनाडु के चुनाव परिणाम यह संकेत देते हैं कि जनता एक धर्मनिरपेक्ष सरकार चाहती है, जो संविधान के सिद्धांतों का पालन करे, उन्होंने यह भी कहा था कि पार्टी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि राज्य में किसी भी तरह से बीजेपी या उसके सहयोगियों की भूमिका न रहे और निर्णय जनता की भावना के अनुरूप लिया जाएगा.
234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जिससे राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. लंबे समय से डीएमके और एआईएडीएमके के प्रभुत्व वाले राजनीतिक परिदृश्य में यह नतीजा अहम माना जा रहा है.
अन्य दलों से समर्थन जुटाने में जुटी पार्टी
सरकार बनाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए टीवीके ने अन्य दलों से समर्थन जुटाने की कोशिशें भी तेज कर दी हैं. सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेतृत्व और विजय के बीच इस मुद्दे पर बातचीत भी हुई है. टीवीके ने अपने मजबूत प्रदर्शन के आधार पर राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया है और सदन में बहुमत साबित करने के लिए समय भी मांगा है.
ये भी पढ़ें- कैथल में 17 वर्षीय लड़की का रास्ता रोककर छेड़खानी, मां की शिकायत पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









