Punjab News : पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने नहरी पटवारियों की सेवा संबंधी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भरोसा दिया है. चंडीगढ़ में जल संसाधन विभाग के मुख्यालय में हुई बैठक के दौरान नहरी पटवार यूनियन के प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को मंत्री के सामने रखा.
बैठक में कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान आने वाली परेशानियों और लंबे समय से लंबित सेवा संबंधी मुद्दों की जानकारी दी. मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने यूनियन की बातों को ध्यान से सुना और नियमों व सरकारी प्रावधानों के अनुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया.
कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का भरोसा
जल संसाधन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार अपने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम कर रही है, उन्होंने कहा कि सेवा संबंधी जायज मामलों को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हल करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने यूनियन प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि बैठक में उठाए गए मुद्दों को संबंधित अधिकारियों के सामने रखा जाएगा, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
नहरी पटवारियों ने रखीं सात प्रमुख मांगें
बैठक के दौरान यूनियन की ओर से सात प्रमुख मांगें रखी गईं. इनमें नहरी पटवारियों को टेक्निकल ग्रेड देना, शिकायतों पर निष्पक्ष जांच के बाद ही कार्रवाई करना, नहरी पटवारियों से सहायक माल क्लर्क (ए.आर.सी.) के पदों पर जल्द पदोन्नति करना शामिल है.
इसके अलावा नहरी पटवारियों के तबादले घरों के नजदीक करने, खाली पदों को जल्द भरने, सहायक माल क्लर्क (ए.आर.सी.) के पद बढ़ाने और लंबित सेवा संबंधी मांगों का समयबद्ध समाधान करने की मांग भी रखी गई.
नियमों के अनुसार होगी कार्रवाई
मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों पर सकारात्मक तरीके से विचार किया जाएगा और नियमों व वित्तीय एवं प्रशासनिक प्रावधानों के दायरे में रहते हुए उचित कदम उठाए जाएंगे. बैठक में मुख्य इंजीनियर (नहरें) शेर सिंह समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और नहरी पटवार यूनियन के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









